गोपेश्वर (चमोली)। विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने में अब महज एक दिन शेष रह गया है। भगवान बदरी विशाल के इस वर्ष के अंतिम दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। कपाट बंद होने से पहले धाम में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में तीर्थयात्री पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के चलते बदरीनाथ धाम में यातायात का दबाव भी काफी बढ़ गया है।
इस बीच धाम में मौसम ने भी करवट ले ली है। आज सुबह से ही लगातार बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। बर्फ की सफेद चादर से ढकी बदरीपुरी में भगवान बदरी विशाल का प्राकृतिक रूप से दिव्य श्रृंगार नजर आ रहा है। चारों ओर बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बीच धाम का नजारा बेहद मनमोहक हो गया है।
खराब मौसम में भी मुस्तैद चमोली पुलिस के जवान
धाम में लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। ऐसे प्रतिकूल मौसम में भी चमोली पुलिस के जवान अपनी जिम्मेदारियों का पूरी मुस्तैदी से निर्वहन कर रहे हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिसकर्मी बारिश और बर्फबारी के बीच सड़कों पर तैनात हैं। धाम में बढ़ते यातायात दबाव को नियंत्रित करने और वाहनों की आवाजाही सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
अंतिम दर्शनों के लिए उमड़ रहे श्रद्धालु
कपाट बंद होने में केवल एक दिन शेष रहने के कारण भगवान बदरी विशाल के अंतिम दर्शनों को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। देश के विभिन्न हिस्सों से तीर्थयात्री बदरीनाथ धाम पहुंच रहे हैं।
हालांकि, लगातार बदलते मौसम और बर्फबारी के चलते श्रद्धालुओं को ठंड का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन भगवान के दर्शन की आस्था उनके उत्साह को कम नहीं कर पा रही है।
बदरीनाथ धाम में एक ओर कपाट बंद होने की धार्मिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं, वहीं दूसरी ओर बर्फबारी के बीच पुलिस के जवान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने में जुटे हैं।





