उत्तराखंड मौसम: भारी बारिश से स्याना चट्टी के पास भूस्खलन, यमुनोत्री हाईवे बंद, यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें

0
2

उत्तरकाशी: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब चारधाम यात्रा मार्गों पर भी देखने को मिल रहा है। स्याना चट्टी के पास भूस्खलन होने से यमुनोत्री हाईवे मंगलवार सुबह से बंद है, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई है।

बताया जा रहा है कि हाईवे चौड़ीकरण कार्य के दौरान बार-बार हो रहे भूस्खलन के कारण इस क्षेत्र में लगातार यातायात बाधित हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में लापरवाही के चलते आए दिन सड़क घंटों तक बंद रहती है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

Ads

स्याना चट्टी से जानकीचट्टी तक सफर जोखिमभरा

स्याना चट्टी और जानकीचट्टी के बीच कई स्थानों पर मलबा और बड़े पत्थर सड़क पर आ गए हैं। ऐसे में इस मार्ग पर यात्रा करना फिलहाल बेहद जोखिमपूर्ण बना हुआ है। प्रशासन द्वारा सड़क खोलने का कार्य जारी है।

कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने मंगलवार को देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और बागेश्वर जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली और गरज-चमक की भी संभावना जताई गई है।

हरिद्वार प्रशासन अलर्ट मोड पर

मानसून को देखते हुए हरिद्वार जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि गंगा के जलस्तर में संभावित वृद्धि को देखते हुए उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश प्रशासन आपसी समन्वय के साथ स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

खानपुर और लक्सर क्षेत्र में सैंडबैग, राहत नौकाएं और जलभराव वाले इलाकों में पानी निकासी के लिए आवश्यक उपकरण पहले से ही तैनात कर दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।