उत्तराखंड बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं कल से शुरू, परीक्षा केंद्रों के आधार पर सेक्टर बनाने के आदेश जारी

0
3

देहरादून। उत्तराखंड बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 21 फरवरी से शुरू होकर 20 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलमुक्त ढंग से संपन्न कराने के लिए शासन और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

प्रदेश भर में कुल 1261 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 156 केंद्र संवेदनशील और छह केंद्र अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं। इन केंद्रों पर विशेष निगरानी और अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

Ads

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापकों और कक्ष निरीक्षकों को पूर्ण सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ कर सकें और परीक्षाओं की पवित्रता बनी रहे।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रश्नपत्रों की गोपनीयता किसी भी स्थिति में भंग नहीं होनी चाहिए। यदि किसी भी स्तर पर अनुचित साधनों का प्रयोग, प्रश्नपत्र लीक करने का प्रयास या हिंसक कृत्य जैसी गतिविधियां सामने आती हैं तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

शासन ने परीक्षा केंद्रों को संख्या के आधार पर सेक्टरों में विभाजित करने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक सेक्टर में परगनाधिकारी, सिटी मजिस्ट्रेट, डिप्टी कलेक्टर एवं अन्य समकक्ष अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया जाएगा। प्रयास किया जाएगा कि एक सेक्टर में 10 से 12 से अधिक परीक्षा केंद्र न हों।

सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने सेक्टर के परीक्षा केंद्रों का नियमित और प्रभावी निरीक्षण करेंगे तथा परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की नकल या अनुचित साधनों के प्रयोग को पूरी तरह रोकने के लिए उत्तरदायी होंगे।

प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्रों पर समय से पहुंचें, प्रवेश पत्र साथ रखें और सभी नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्वक परीक्षा दें।