ऊधम सिंह नगर के काशीपुर में बेकाबू कार ने ली मासूम की जान, हादसे के बाद चालक फरार

0
3

काशीपुर (ऊधम सिंह नगर)। आईटीआई थाना क्षेत्र के नंदरामपुर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। सड़क किनारे स्कूल बस का इंतजार कर रही बच्ची को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक कार समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, अलीगंज रोड स्थित तारावती सरोजिनी देवी शिशु मंदिर में नर्सरी कक्षा में पढ़ने वाली चार वर्षीय छाया पुत्री संजय मंगलवार सुबह नंदरामपुर क्षेत्र में सड़क किनारे अपनी स्कूल बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कार वहां पहुंची और बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद चालक ने वाहन को पीछे करने का प्रयास किया। इस दौरान बच्ची दोबारा वाहन की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

घटना के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्ची को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

चालक की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे के बाद पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है। हादसे में शामिल कार और उसके चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।