लॉन्ग वीकेंड पर पहाड़ चढ़े सैलानी: बदरीनाथ हाईवे पर भीषण जाम, एक घंटे में तय हो रही 14 किमी की दूरी

0
2

गोपेश्वर। लॉन्ग वीकेंड के चलते मैदानी इलाकों से बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। इससे उत्तराखंड के प्रमुख हिल स्टेशनों के साथ ही बदरीनाथ धाम जाने वाले मार्ग पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया है। पितृपक्ष और हेमकुंड साहिब यात्रा के चलते ज्योतिर्मठ से मारवाड़ी के बीच बदरीनाथ हाईवे पर एक बार फिर लंबा जाम लग गया।

वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई है। जाम की स्थिति ऐसी है कि करीब 14 किलोमीटर की दूरी तय करने में वाहनों को लगभग एक घंटे का समय लग रहा है। इससे बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Ads

लॉन्ग वीकेंड के कारण सुबह से ही पहाड़ी मार्गों पर वाहनों की संख्या बढ़ने लगी। बदरीनाथ धाम में पितृपक्ष के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही और हेमकुंड साहिब यात्रा के चलते पहले से मौजूद यातायात दबाव और बढ़ गया।

ज्योतिर्मठ से मारवाड़ी के बीच वाहनों की कतारें लगने से यात्रियों को धीमी गति से आगे बढ़ना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव के कारण इस मार्ग पर जाम की समस्या बार-बार सामने आ रही है।

प्रशासन और पुलिस की ओर से यातायात को सुचारु बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन वाहनों की भारी संख्या के कारण व्यवस्था पर दबाव बना हुआ है। लंबे वीकेंड के चलते आने वाले दिनों में भी बदरीनाथ हाईवे पर यातायात का दबाव बने रहने की संभावना है।