बनबसा (चंपावत)। बनबसा क्षेत्र में तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीती रात पचपकरिया गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां पूर्व प्रधान के घर के आंगन से तेंदुआ पालतू कुत्ते को घसीट कर ले गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में भय का माहौल गहरा गया है।
Table of Contents
Toggleसीसीटीवी में कैद हुई वारदात
शनिवार देर रात पचपकरिया गांव निवासी एवं पूर्व प्रधान महेश मुरारी के घर के आंगन में उनका पालतू कुत्ता सोया हुआ था। इसी दौरान अचानक एक तेंदुआ वहां पहुंचा और कुत्ते को जबड़े में दबाकर घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में दहशत और अधिक बढ़ गई है।
गढ़ीगोठ से फागपुर तक दिख रहा तेंदुआ
ग्रामीणों के अनुसार गढ़ीगोठ क्षेत्र से लेकर फागपुर तक तेंदुआ आए दिन दिखाई दे रहा है। पिछले कुछ समय में तेंदुआ कई मवेशियों और पालतू कुत्तों को अपना शिकार बना चुका है। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्रवासी भयभीत हैं और बच्चों व महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।
वन विभाग से गश्त और पकड़ने की मांग
पीड़ित परिवार सहित पचपकरिया गांव के ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और तेंदुए को पकड़कर अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो कोई बड़ी अनहोनी भी हो सकती है।
चंपावत जिले के बनबसा क्षेत्र में बढ़ती तेंदुए की गतिविधियों ने मानव-वन्यजीव संघर्ष को एक बार फिर गंभीर मुद्दा बना दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से त्वरित कदम उठाने की अपील की है।




