ऋषिकेश समाचार: राजाजी टाइगर रिजर्व की गोहरी रेंज में दो सप्ताह से घायल हाथी की आवाजाही, वन विभाग सतर्क

0
1

ऋषिकेश। राजाजी टाइगर रिजर्व की गोहरी रेंज में पिछले दो सप्ताह से एक घायल हाथी लगातार विचरण कर रहा है। वन विभाग की टीम गजराज की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखे हुए है, ताकि किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके।

मोतीचूर और चीला रेंज से गोहरी तक पहुंचा हाथी

वन अधिकारियों के अनुसार यह हाथी पहले मोतीचूर और चीला रेंज में देखा गया था, जिसके बाद अब यह गोहरी रेंज के खदरी बीट क्षेत्र में घूम रहा है। गोहरी रेंज अधिकारी राजेश चंद्र जोशी ने बताया कि प्रारंभिक आकलन के मुताबिक हाथी संभवतः आपसी संघर्ष में घायल हुआ है।

Ads

पीछे के हिस्से में चोट, चलने में हो रही दिक्कत

अधिकारियों ने जानकारी दी कि हाथी के पिछले हिस्से में गंभीर चोट है, जिसके कारण वह पिछले पैरों को घसीटते हुए चल रहा है। घायल होने के बावजूद हाथी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रहा है। अनुमानित रूप से हाथी की आयु करीब 25 वर्ष बताई जा रही है।

सुरक्षा कारणों से दूरी बनाकर रखी जा रही निगरानी

वन विभाग के कर्मचारी हाथी के नजदीक जाने का प्रयास नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि समीप पहुंचने पर वह आक्रामक हो जा रहा है। ऐसे में टीम सुरक्षित दूरी बनाकर उसकी निगरानी कर रही है। विभाग ने स्थानीय लोगों से भी सतर्क रहने और वन क्षेत्र के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।