Table of Contents
Toggleपुलिस छापेमारी में बड़ा खुलासा
ऋषिकेश के आईडीपीएल क्षेत्र स्थित एक होटल में अवैध कैसीनो और शराब पार्टी का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में एक पार्षद सहित 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 10 महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
बाहरी राज्यों से बुलाए गए लोग और बार डांसर
पुलिस के अनुसार, होटल में जुआ खेलने के लिए दिल्ली, मेरठ, फरीदाबाद और नोएडा समेत कई स्थानों से लोग आए थे। वहीं, 10 युवतियों को दिल्ली से बुलाया गया था, जिनसे बार डांसर के रूप में प्रदर्शन कराने के साथ-साथ मेहमानों को शराब और खाना परोसने का काम लिया जा रहा था।
भारी मात्रा में नकदी और सामान बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से महंगी शराब, जुए से संबंधित सामग्री और करीब 1,37,600 रुपये नकद बरामद किए। होटल में बाकायदा जुआ खेलने के लिए टेबलें सजाई गई थीं और पार्टी चल रही थी।
होटल सीज, मालिक फरार
इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने होटल को सीज कर दिया है। होटल का मालिक जगदीश कंडवाल फिलहाल फरार है और उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
लापरवाही पर पुलिसकर्मी निलंबित
इस मामले में गंभीर लापरवाही सामने आने पर एसएसपी देहरादून ने चौकी प्रभारी सहित चौकी के 12 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।




