बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। आसमान में बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। मौसम के बदलते मिजाज के बीच मौसम विभाग ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर को जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।
गुरुवार सुबह से ही जिले में आसमान बादलों से घिरा रहा। दिनभर हल्की धूप और बादलों के बीच आंखमिचौली चलती रही, जिससे ठंड का असर बढ़ गया। न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के बाद लोगों ने गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं। वहीं, हिमालयी गांवों की तलहटी में ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को जिले के कुछ हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की चेतावनी के बीच पहाड़ी इलाकों में ठंड और बढ़ सकती है।
मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर सावधानी जरूरी
खराब मौसम की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जाती है। आकाशीय बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें। तेज हवाओं के दौरान कमजोर ढांचों और पेड़ों के नीचे शरण न लें। पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोग मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही निकलें।





