अल्मोड़ा। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की सम्मिलित राज्य सिविल एवं अवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा (लोअर पीसीएस) में अल्मोड़ा के नीलेश बिष्ट ने 13वीं रैंक हासिल की है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की संतान नीलेश की इस उपलब्धि को उनके परिवार और क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
नीलेश की माता रमा बिष्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। सीमित संसाधनों के बीच उन्होंने अपने बेटे की शिक्षा को प्राथमिकता दी। नीलेश ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल की।
मूल रूप से उद्यांचल कॉलोनी मकीड़ी, अल्मोड़ा निवासी नीलेश शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2013 की हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में सेकेंड टॉपर स्थान हासिल किया था। इसके बाद 12वीं की परीक्षा में भी उन्होंने टॉप-10 में जगह बनाई और अपने विद्यालय विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज का नाम रोशन किया।
स्कूली शिक्षा के बाद नीलेश ने दिल्ली विश्वविद्यालय के रामजस कॉलेज से उच्च शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी और अब लोअर पीसीएस परीक्षा की मेरिट सूची में 13वीं रैंक हासिल कर सफलता दर्ज की है।
नीलेश की सफलता उन विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। परिवार और क्षेत्र के लोगों ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई है।




