कोटद्वार। गुजरात के कच्छ जिले में भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले सैन्य जवानों और उनके परिजनों का सोमवार को कोटद्वार में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। खोह नदी के तट पर स्थित मुक्ति धाम में अंतिम विदाई के दौरान माहौल गमगीन रहा। अपने वीर जवानों और उनके परिवारों को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और सैन्य अधिकारी पहुंचे। हर आंख नम थी और हर चेहरा इस दुखद घटना से व्यथित नजर आया।
अंतिम संस्कार से पहले विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण, गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद नेगी सहित क्षेत्र के तमाम जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई के दौरान उपस्थित लोगों ने दिवंगत जवानों और उनके परिजनों को नमन किया।
गुजरात में घूमने गए थे जवान, सड़क हादसे ने छीन ली सात जिंदगियां
जानकारी के अनुसार, शनिवार को द्वितीय गढ़वाल राइफल्स में तैनात जवान सौरभ नेगी और राजेश रावत अपने परिवारों के साथ गुजरात के कच्छ क्षेत्र में घूमने गए थे। वे भुज से कच्छ के रण की ओर गए थे। वापस लौटते समय रात करीब नौ बजे भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर उनकी कार की एक ट्रेलर से जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि कार सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में जवानों के साथ उनके परिवार के सदस्य भी काल के गाल में समा गए। एक साथ सात लोगों की मौत की खबर से कोटद्वार और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई।
हादसे में इन लोगों ने गंवाई जान
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों में ध्रुव विहार निवासी सौरभ नेगी (31), उनकी पत्नी सविता (30) और तीन माह की मासूम बेटी शिविका शामिल थीं। इनके अलावा नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गुसाईं (32) और उनकी चार वर्षीय बेटी वमिका ने भी हादसे में दम तोड़ दिया।
वहीं, नायक राजेश रावत और उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता की भी इस दुर्घटना में मौत हो गई। एक ही हादसे में दो सैन्य जवानों और उनके परिवारों के सदस्यों की मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया।
अंतिम विदाई में उमड़ा जनसैलाब
सोमवार को खोह नदी के किनारे स्थित मुक्ति धाम में अंतिम संस्कार के दौरान भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। लोगों ने दिवंगतों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए परिवारों के प्रति गहरी शोक संवेदना प्रकट की। सैन्य अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।
इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। कोटद्वार ने अपने दो जवानों और उनके परिवारों को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।





