पहाड़ी टूटने से बड़ा हादसा टला: बाइक सवार बाल-बाल बचे, छह ट्रेनें प्रभावित, सात शॉर्ट टर्मिनेट

0
93

हरिद्वार: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश एक बार फिर खतरे का संकेत दे रही है। भीमगोड़ा काली मंदिर के पास मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। इस दौरान सड़क पर मौजूद तीन बाइक सवार व्यक्ति बाल-बाल बच गए।

मौत को मात देकर भागे बाइक सवार
घटना के समय बाइक पर सवार तीन लोग जैसे ही पहाड़ के पास पहुंचे, तभी ऊपर से भारी पत्थर और मलबा गिरने लगा। मलबा गिरते ही बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई, लेकिन सौभाग्यवश तीनों युवक तुरंत उठ खड़े हुए और भागकर जान बचा ली। पत्थर और मलबा ठीक उनके बगल में गिरा। अगर वे कुछ सेकंड भी पीछे होते, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जो घटना की गंभीरता को दिखाता है।

पहले भी हो चुकी हैं कई घटनाएं
साल 2023 में भी भारी बारिश के दौरान भीमगोड़ा टनल के पास पहाड़ी से मलबा रेलवे ट्रैक पर गिरा था, जिससे तीन दिनों तक 100 से ज्यादा ट्रेनें प्रभावित हुई थीं। इसके बाद वर्ष 2024 में रेल प्रशासन ने पहाड़ी से मलबा गिरने से रोकने के लिए लोहे के गार्डर और मजबूत जाल लगवाया था। लेकिन मंगलवार को हुई भारी बारिश ने एक बार फिर सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी। पहाड़ के टूटने से बना मलबा इस बार उस जाल को भी तोड़ता हुआ ट्रैक पर आ गिरा।

रेलवे ट्रैक बाधित, कई ट्रेनें प्रभावित
मलबा गिरने की वजह से हरिद्वार, देहरादून, ऋषिकेश और आस-पास के इलाकों से गुजरने वाली कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। छह ट्रेनों का संचालन पूरी तरह बाधित हुआ जबकि सात ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट कर दिया गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

शॉर्ट टर्मिनेट की गई ट्रेनें:

  • 12369 कुंभ एक्सप्रेस

  • 12370 कुंभ एक्सप्रेस

  • 04318 देहरादून-इंदौर स्पेशल

  • 04317 इंदौर–देहरादून स्पेशल

  • 12055 देहरादून–नई दिल्ली जनशताब्दी

  • 54341 सहारनपुर–देहरादून पैसेंजर

  • 54484 ऋषिकेश–हरिद्वार पैसेंजर

प्रभावित ट्रेनें:

  • 12051 जनशताब्दी एक्सप्रेस

  • 22457 वंदे भारत एक्सप्रेस

  • 19610 योगनगरी ऋषिकेश–उदयपुर सिटी एक्सप्रेस

  • 15120 जनता एक्सप्रेस

  • 14631 देहरादून–अमृतसर एक्सप्रेस

  • 14887 ऋषिकेश–बाड़मेर एक्सप्रेस

स्थिति सामान्य करने के प्रयास जारी
रेलवे प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों द्वारा ट्रैक को जल्द से जल्द साफ करने के प्रयास जारी हैं। मलबा हटाने के लिए मशीनरी और श्रमिकों को मौके पर तैनात किया गया है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रभावित क्षेत्र में आवाजाही पर फिलहाल रोक लगा दी गई है।