उत्तरकाशी। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में लगातार बदल रहे मौसम और भारी बर्फबारी को देखते हुए गंगोत्री नेशनल पार्क प्रशासन ने ट्रेकिंग और पर्वतारोहण गतिविधियों पर अस्थायी रोक लगा दी है। यह निर्णय पर्यटकों, ट्रेकरों और पर्वतारोहियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
बीते दिनों मौसम खराब होने के बीच उच्च हिमालयी क्षेत्र में भारी बर्फबारी हुई। इस दौरान कुछ पर्वतारोहियों और ट्रेकरों के फंसने की घटनाएं भी सामने आईं। इसके बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए इन गतिविधियों पर रोक लगाने का निर्णय लिया।
पार्क प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम तेजी से बदल रहा है और लगातार हो रही बर्फबारी के कारण रास्तों पर आवाजाही मुश्किल हो सकती है। ऐसे में ट्रेकिंग और पर्वतारोहण के दौरान दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।
अधिकारियों ने बताया कि मौसम की स्थिति सामान्य होने और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में परिस्थितियां सुरक्षित होने के बाद ही ट्रेकिंग एवं पर्वतारोहण गतिविधियों को दोबारा शुरू करने पर निर्णय लिया जाएगा।
प्रशासन ने ट्रेकरों और पर्वतारोहियों से अपील की है कि वे रोक के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों की ओर जाने से बचें और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें।




