बागेश्वर में दिल दहला देने वाला दोहरा हत्याकांड: भतीजे ने लोहे की रॉड से हमला कर चाचा-चाची को उतारा मौत के घाट, इलाके में सनसनी

0
8

उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गरुड़ तहसील क्षेत्र के नरगोड़ी गांव में पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात में एक भतीजे ने अपने ही चाचा और चाची की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, यह वारदात सोमवार देर रात की बताई जा रही है, जबकि घटना की जानकारी सोमवार सुबह सामने आई।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आरोपी गोविंद बल्लभ खोलिया ने अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया और चाची भगवती देवी पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले की गंभीरता को देखते हुए परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बैजनाथ लेकर पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि घटना के दौरान एक अन्य महिला ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। इस घटना के बाद गांव में दहशत और मातम का माहौल है। वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई। फिलहाल इस जघन्य वारदात के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की हत्या से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

नोट: घटना के पीछे की वजह, आरोपी की गिरफ्तारी और पुलिस जांच से जुड़ी आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद मामले में आगे की तस्वीर स्पष्ट होगी।