उत्तराखंड में 675 से बढ़कर 775 होंगी सरकारी MBBS सीटें, रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में 100 सीटें बढ़ने की उम्मीद

0
2

देहरादून। उत्तराखंड में एमबीबीएस में दाखिले का इंतजार कर रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज को इसी शैक्षणिक सत्र से 100 एमबीबीएस सीटों पर दाखिले की अनुमति मिलने की उम्मीद है। यदि कॉलेज को एलओपी (Letter of Permission) मिल जाती है, तो प्रदेश में सरकारी मेडिकल कॉलेजों की एमबीबीएस सीटों की संख्या 675 से बढ़कर 775 हो जाएगी।

रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज की ओर से केंद्र सरकार के समक्ष की गई दूसरी अपील के बाद अनुमति को लेकर सकारात्मक संकेत मिले हैं। अब कॉलेज को एलओपी का इंतजार है। माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में दाखिले की अनुमति मिल सकती है।

100 छात्रों के लिए खुलेगा डॉक्टर बनने का रास्ता

रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज को अनुमति मिलने के बाद प्रदेश में सरकारी एमबीबीएस सीटों में सीधे 100 सीटों की बढ़ोतरी होगी। इससे मेडिकल की पढ़ाई का सपना देख रहे छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी और सरकारी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के अतिरिक्त अवसर उपलब्ध होंगे।

फिलहाल उत्तराखंड के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की कुल 675 सीटें हैं। नई 100 सीटें जुड़ने के बाद यह आंकड़ा 775 सीटों तक पहुंच जाएगा।

इन सीटों में से 85 प्रतिशत सीटें राज्य कोटे के तहत भरी जाएंगी। ऐसे में रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज की शुरुआत से राज्य के स्थानीय छात्रों के लिए भी सरकारी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रवेश के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।