लगातार बारिश से यमुना उफान पर, डाकपत्थर बैराज के सभी गेट खुले; कई जल विद्युत परियोजनियों में उत्पादन ठप

0
2

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के चलते यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए विकासनगर स्थित डाकपत्थर बैराज के सभी गेट खोल दिए गए और करीब 49 हजार क्यूसेक पानी यमुना नदी में छोड़ा गया।

यमुना घाटी के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में भारी वर्षा के कारण नदी में गाद (पीपीएम) की मात्रा भी काफी बढ़ गई। गुरुवार रात लगभग 10:30 बजे चेतावनी सायरन बजाने के बाद बैराज से अधिकतम जल प्रवाह छोड़ा गया, ताकि जलस्तर को नियंत्रित किया जा सके।

Ads

बढ़ी हुई गाद और तेज जलप्रवाह के कारण ढालीपुर (51 मेगावाट), ढकरानी (33.5 मेगावाट), कुल्हाल (30 मेगावाट) तथा व्यासी जल विद्युत परियोजना (120 मेगावाट) में बिजली उत्पादन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। हालांकि, छिबरो (240 मेगावाट) और खोदरी (120 मेगावाट) जल विद्युत परियोजनाओं में उत्पादन सामान्य रूप से जारी है।

उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) के जनसंपर्क अधिकारी विमल डबराल के अनुसार, नदी में गाद (पीपीएम) का स्तर सामान्य होते ही बंद पड़ी जल विद्युत परियोजनियों में बिजली उत्पादन दोबारा शुरू कर दिया जाएगा।

प्रशासन ने यमुना नदी के किनारे रहने वाले लोगों और पर्यटकों से नदी के पास न जाने तथा सतर्क रहने की अपील की है।