अल्मोड़ा के बेस अस्पताल में डॉक्टरों ने 1.42 किलो के नवजात को दिया नया जीवन, 35 दिन तक चला उपचार

0
2

अल्मोड़ा। चिकित्सा क्षेत्र में डॉक्टरों के समर्पण और अथक प्रयासों की एक प्रेरणादायक मिसाल अल्मोड़ा के बेस अस्पताल में देखने को मिली। जन्म के समय न सांस चल रही थी और न ही हृदय गति मिल रही थी। महज 1.42 किलोग्राम वजन वाले समयपूर्व जन्मे नवजात की हालत बेहद नाजुक थी। गंभीर चिकित्सकीय जटिलताओं के चलते शिशु के जीवन पर संकट मंडरा रहा था। ऐसे मुश्किल हालात में बेस अस्पताल के डॉक्टरों और एनआईसीयू टीम ने हार नहीं मानी और लगातार प्रयासों से नवजात को नया जीवन देने में सफलता हासिल की।

नवजात को बचाने के लिए चिकित्सकों की टीम ने 35 दिनों तक विशेष उपचार किया। इस दौरान शिशु की स्थिति पर लगातार नजर रखी गई और आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल उपलब्ध कराई गई। लंबे उपचार, सतत निगरानी और टीम के समर्पित प्रयासों के बाद नवजात की हालत में सुधार हुआ और उसे नया जीवन मिल सका।

बेस अस्पताल के बाल रोग विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. सुमित जीना ने बताया कि गर्भावस्था के 32.5 सप्ताह में गंभीर प्लेसेंटा एब्रप्शन (अपरा का समय से पहले गर्भाशय की दीवार से अलग होना) के कारण शिशु का जन्म हुआ था। जन्म के समय उसकी स्थिति अत्यंत गंभीर थी। नवजात का वजन सामान्य से काफी कम था और उसे तत्काल विशेष चिकित्सकीय देखभाल की आवश्यकता थी।

चिकित्सकों और एनआईसीयू टीम के लिए यह मामला काफी चुनौतीपूर्ण था। हालांकि, टीम ने धैर्य और विशेषज्ञता के साथ उपचार जारी रखा। आखिरकार 35 दिनों की मेहनत रंग लाई और नवजात की जान बचाने में सफलता मिली।

यह उपलब्धि न केवल बेस अस्पताल के चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के समर्पण को दर्शाती है, बल्कि पर्वतीय क्षेत्रों में बेहतर नवजात चिकित्सा सेवाओं की बढ़ती क्षमता का भी उदाहरण है।