हल्द्वानी: गौला पुल से नदी में कूदे किशोर का शव 13 घंटे बाद मिला, परिवार में पसरा मातम

0
2

हल्द्वानी: गौला पुल से नदी में कूदे 17 वर्षीय किशोर का शव करीब 13 घंटे की तलाश के बाद बरामद कर लिया गया। पुलिस ने सोमवार सुबह नदी के गहरे हिस्से से शव निकाला और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है।

मृतक की पहचान प्रियांशु बिष्ट (17), निवासी जगदंबा कॉलोनी, बकुलिया (लालकुआं) के रूप में हुई। वह रविवार को घर से पेंटिंग का सामान खरीदने की बात कहकर निकला था, लेकिन बाद में हल्द्वानी के गौला पुल से नदी में कूद गया।

Ads

13 घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन

पुलिस के अनुसार, प्रियांशु अपनी साइकिल से गोरापड़ाव पहुंचा, जहां उसने साइकिल खड़ी की। इसके बाद वह टेंपो से हल्द्वानी गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने रविवार रात तक लगातार खोज अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह करीब छह बजे उसका शव नदी के तटबंध के पास गहरे पानी से बरामद किया गया।

शुरुआती जांच में सामने आई यह बात

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घटना से पहले घर में मोबाइल फोन के अधिक इस्तेमाल को लेकर उसे समझाया गया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पेंटिंग में था बेहद प्रतिभाशाली

प्रियांशु मोतीनगर इंटर कॉलेज में कक्षा 12 का छात्र था। परिजनों और परिचितों के अनुसार, वह पेंटिंग का बेहद प्रतिभाशाली कलाकार था। उसकी बनाई गई चित्रकृतियां जीवंत लगती थीं और उसे विद्यालय स्तर पर कई पुरस्कार भी मिल चुके थे।

प्रियांशु अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके असामयिक निधन से परिवार गहरे सदमे में है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।