देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अब संगठन को चुनावी मोड में लाने और प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर अपनी रणनीति तैयार करने में जुट गई है। इसकी औपचारिक शुरुआत हरिद्वार में आयोजित होने वाली विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से होगी।
इस बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की भूमिका अहम रहने वाली है। पार्टी की चुनावी रणनीति, संगठन की मजबूती और विधानसभा स्तर पर तैयारियों को लेकर उनके मार्गदर्शन में आगे की रूपरेखा तैयार किए जाने की बात कही जा रही है।
सरकार के पांच साल के कामकाज को जनता तक पहुंचाने पर जोर
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के एजेंडे में सरकार के पांच वर्षों के कामकाज और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना प्रमुख रूप से शामिल है। इसके साथ ही संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को चुनावी जिम्मेदारियां सौंपने तथा सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को आम लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा होगी।
बूथ सशक्तीकरण से लेकर 70 सीटों तक की तैयारी
भाजपा का फोकस केवल प्रदेश स्तर पर चुनावी रणनीति बनाने तक सीमित नहीं रहेगा। पार्टी बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में चुनावी तैयारियों की समीक्षा करने की योजना बना रही है।
सभी 70 विधानसभा सीटों पर जीत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। कार्यसमिति में आगामी चुनाव के लिए प्राथमिकताओं, जनसंपर्क अभियान और संगठन की कार्ययोजना पर भी मंथन होने की संभावना है।
हरिद्वार में होने वाली यह प्रदेश कार्यसमिति बैठक भाजपा की आगामी चुनावी तैयारियों की दिशा और संगठनात्मक रणनीति को स्पष्ट करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।





