अल्मोड़ा छात्रसंघ चुनाव: रिकाउंटिंग के बाद हार से भड़का आक्रोश, जांच समिति के गठन पर 23 घंटे बाद थमा विवाद

0
2
अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के एसएसजे परिसर अल्मोड़ा में छात्रसंघ चुनाव के उपाध्यक्ष पद के परिणाम को लेकर विवाद गहरा गया। मतगणना और रिकाउंटिंग के बाद परिणाम में बदलाव से नाराज छात्रों और पूर्व सह सचिव दीपक तिवारी ने निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर आमरण अनशन शुरू कर दिया। करीब 23 घंटे तक चले छात्र आक्रोश के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जांच समिति गठित किए जाने पर मामला फिलहाल शांत हुआ।

मामला उस समय गरमा गया, जब उपाध्यक्ष पद के चुनाव परिणाम में पहले एक प्रत्याशी को एक मत से विजयी घोषित किया गया। इसके बाद रिकाउंटिंग कराई गई तो एक मत के अंतर में बदलाव हो गया और दोनों प्रत्याशियों के बीच मुकाबला बराबरी पर पहुंच गया। इसके बाद चुनाव परिणाम तय करने के लिए लॉटरी का सहारा लिया गया, जिसमें दूसरे प्रत्याशी के पक्ष में परिणाम गया।

रिकाउंटिंग के बाद बढ़ा विवाद

रिकाउंटिंग के बाद परिणाम बदलने से नाराज छात्रों ने मतगणना प्रक्रिया पर सवाल उठाए। छात्रों का आरोप था कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष तरीके से जांच होनी चाहिए।

Ads

पूर्व सह सचिव दीपक तिवारी भी विरोध में आमरण अनशन पर बैठ गए। उनके साथ अन्य छात्रों ने भी विश्वविद्यालय प्रशासन से मामले की जांच कराने और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल करने की मांग उठाई।

जांच समिति के गठन के बाद शांत हुआ आक्रोश

विरोध और आंदोलन के बीच विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की जांच के लिए समिति गठित करने का निर्णय लिया। जांच समिति द्वारा पूरे घटनाक्रम और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े तथ्यों की जांच किए जाने का आश्वासन मिलने के बाद करीब 23 घंटे से चला छात्र आक्रोश थम गया।

अब जांच समिति की रिपोर्ट पर सभी की नजरें टिकी हैं। समिति की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मतगणना और रिकाउंटिंग के दौरान किन परिस्थितियों में परिणाम बदला और लॉटरी के जरिए अंतिम परिणाम घोषित करने की स्थिति क्यों बनी।