पहाड़ों की रानी मसूरी में अक्षय कुमार की एंट्री, लाइब्रेरी बाजार में शुरू हुई शूटिंग की तैयारियां; लाइट-कैमरा-एक्शन का इंतजार

0
2

मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में एक बार फिर बॉलीवुड की हलचल तेज हो गई है। सुपरस्टार अक्षय कुमार फिल्म की शूटिंग के लिए मसूरी पहुंचने वाले हैं। मसूरी और ऋषिकेश में तीन दिनों तक शूटिंग का कार्यक्रम निर्धारित है। गुरुवार को मसूरी के लाइब्रेरी बाजार स्थित मालरोड पर शूटिंग की तैयारियां शुरू कर दी गईं। मौके पर लाइटिंग, कैमरे और अन्य उपकरण लगाए जा रहे हैं। अब सभी को अक्षय कुमार के पहुंचने और शूटिंग शुरू होने का इंतजार है।

इससे पहले बुधवार को अक्षय कुमार की तबीयत ठीक नहीं होने के कारण वह शूटिंग के लिए मसूरी नहीं पहुंच सके थे। इसके चलते उस दिन की शूटिंग रद्द करनी पड़ी थी। हालांकि, मसूरी के लाइब्रेरी बाजार और मालरोड पर शूटिंग को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। कैमरों सहित अन्य जरूरी उपकरण भी मौके पर पहुंचा दिए गए थे।

गुरुवार को एक बार फिर शूटिंग की तैयारियां तेज होने से क्षेत्र में फिल्म यूनिट की गतिविधियां बढ़ गई हैं। मसूरी और ऋषिकेश में प्रस्तावित तीन दिवसीय शूटिंग कार्यक्रम को लेकर स्थानीय लोगों और प्रशंसकों में भी उत्सुकता बनी हुई है। अब सबकी निगाहें अक्षय कुमार के आगमन और फिल्म की शूटिंग शुरू होने पर टिकी हैं।