गोपेश्वर। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को चमोली जनपद के गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन परिसर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत कर राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं गौरवशाली परंपराओं को नमन किया।
मुख्यमंत्री धामी सोमवार सुबह 10:35 बजे भराड़ीसैंण पहुंचे, जहां राज्य स्थापना दिवस समारोह को लेकर विशेष तैयारियां की गई थीं। इस अवसर पर उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत की आकर्षक झलक देखने को मिली। समारोह ने राज्य की विशिष्ट पहचान और सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों और अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीदों के योगदान को याद किया। उन्होंने राज्य स्थापना दिवस को प्रदेश के विकास, उपलब्धियों और भविष्य की आकांक्षाओं के संकल्प से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर बताया।
भराड़ीसैंण में आयोजित यह समारोह उत्तराखंड की 26 वर्षों की विकास यात्रा के साथ राज्य आंदोलन के संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का भी अवसर बना।





