रुड़की। हरिद्वार रोड स्थित एक टेंट हाउस में देर रात पटाखों की चिंगारी से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और टेंट हाउस में रखा लाखों रुपये का सामान इसकी चपेट में आ गया। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, टेंट हाउस के लिंटर से आगे बने टीन शेड में किसी पटाखे की चिंगारी गिरने से आग लग गई। शुरुआत में आग टीन शेड तक सीमित थी, लेकिन वहां रखे ज्वलनशील सामान के कारण कुछ ही देर में आग तेजी से फैलने लगी। देखते ही देखते आग ने टेंट हाउस में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
आग इतनी भीषण थी कि वहां रखी बड़ी संख्या में कुर्सियां, मेज, पर्दे, सीलिंग का सामान और टेंट से जुड़ी अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। आग से टेंट हाउस संचालक को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है।
घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। आग की लपटें देखकर स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। दीपावली के दौरान पटाखों से आग लगने की इस घटना ने एक बार फिर आतिशबाजी के समय सावधानी बरतने और अग्नि सुरक्षा के इंतजामों की जरूरत को उजागर किया है।





