उत्तराखंड की सियासत में हलचल: निर्दलीय विधायक उमेश कुमार कल देंगे विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा

0
1

उत्तराखंड की राजनीति में विधानसभा सत्र से पहले हलचल तेज हो गई है। हरिद्वार जिले की खानपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार ने विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वह कल अपना इस्तीफा सौंपेंगे।

उमेश कुमार ने अपने फैसले के पीछे विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने में विपक्ष ने उनका अपेक्षित सहयोग नहीं किया। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने विधानसभा की सदस्यता छोड़ने का निर्णय लिया है।

विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि इस्तीफे के बाद वह न तो कांग्रेस में शामिल होंगे और न ही भाजपा का दामन थामेंगे। उन्होंने दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि वह ऐसे लोगों के समर्थन में नारे नहीं लगा सकते, जो कभी उनके दरवाजे पर आकर बैठते थे।

विधानसभा के दो दिवसीय सत्र से ठीक पहले उमेश कुमार की इस घोषणा ने प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि वह अपने ऐलान के मुताबिक इस्तीफा सौंपते हैं या नहीं और उनके इस फैसले का प्रदेश की राजनीति पर क्या असर पड़ता है।