उत्तराखंड रोडवेज में अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान, शुक्रवार से बसों का चक्का जाम

0
1

उत्तराखंड में रोडवेज बसों का संचालन शुक्रवार से प्रभावित होने की आशंका है। तीन माह के लंबित वेतन के भुगतान समेत विभिन्न मांगों को लेकर रोडवेज कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा रहे हैं। इस संबंध में गुरुवार को परिवहन निगम मुख्यालय में प्रबंधन और कर्मचारी यूनियन के बीच हुई वार्ता बेनतीजा रही।

परिवहन निगम की प्रबंध निदेशक रीना जोशी की अध्यक्षता में करीब साढ़े तीन घंटे तक चली बैठक में कर्मचारियों की मांगों पर चर्चा हुई, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने शुक्रवार से प्रदेशभर में कार्य-बहिष्कार और बसों का चक्का जाम करने का ऐलान किया है।

हड़ताल का सबसे अधिक असर लंबी दूरी और मैदानी मार्गों पर देखने को मिल सकता है। परिवहन निगम की करीब 70 प्रतिशत बसों का संचालन यूनियन के सदस्यों द्वारा किए जाने के कारण यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हड़ताल लंबी खिंचने की स्थिति में दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और अन्य शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

फिलहाल, वार्ता विफल होने के बाद यात्रियों की नजरें परिवहन निगम प्रबंधन और कर्मचारी यूनियन के बीच होने वाले अगले घटनाक्रम पर टिकी हैं।