मुख्यमंत्री धामी ने बाजपुर में ओलावृष्टि से हुए नुकसान का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आकलन के निर्देश

0
2

आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि से फसलों, बागों, बिजली लाइनों और मकानों को नुकसान; प्रभावित क्षेत्रों का हवाई व स्थलीय निरीक्षण किया

बाजपुर (ऊधम सिंह नगर)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को बाजपुर क्षेत्र में आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का हवाई और स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का आकलन किया। साथ ही प्रशासन को नुकसान का विस्तृत आकलन करने और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

शुक्रवार दोपहर बाजपुर क्षेत्र में आए तेज आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि के कारण फसलों और बागों को नुकसान पहुंचा। इसके अलावा बिजली लाइनों और मकानों पर भी मौसम की मार पड़ी। घटना के बाद प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लेने मुख्यमंत्री अचानक बाजपुर पहुंचे।

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर नैनीताल रोड स्थित रिवरडेल इंटरनेशनल स्कूल परिसर में उतरा। इसके बाद उन्होंने प्रभावित इलाकों का हवाई निरीक्षण किया और बरहैनी से नमूना तक पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण के माध्यम से नुकसान की स्थिति देखी।

निरीक्षण के बाद पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रशासन को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दे दिए गए हैं। आकलन के आधार पर प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान की जानकारी जुटाई जाएगी, ताकि नियमानुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा सके।

ओलावृष्टि और तेज हवाओं से फसलों को हुए नुकसान के चलते किसानों की चिंता बढ़ गई है। वहीं, बिजली लाइनों और मकानों को नुकसान पहुंचने से अन्य प्रभावित परिवारों के सामने भी मुश्किलें खड़ी हुई हैं। ऐसे में प्रशासन के स्तर पर नुकसान का आकलन और प्रभावितों तक राहत पहुंचाने की कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।