खटीमा छात्रसंघ चुनाव में ABVP का दबदबा, धीरज सिंह कन्याल अध्यक्ष निर्वाचित; सात में से चार पदों पर जीत

0
3

खटीमा। एचएनबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खटीमा में छात्रसंघ चुनाव के परिणाम घोषित होते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया। अध्यक्ष पद पर ABVP के धीरज सिंह कन्याल ने जीत दर्ज की। उन्होंने एनएसयूआई के युवराज प्रताप सिंह को 325 मतों के अंतर से हराया।

महाविद्यालय छात्रसंघ के कुल सात पदों के लिए चुनाव हुआ, जिसमें 14 प्रत्याशी मैदान में थे। परिणामों में ABVP ने चार पदों पर जीत दर्ज की, जबकि NSUI के प्रत्याशियों ने तीन पदों पर कब्जा जमाया। परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने आतिशबाजी कर खुशी मनाई।

Ads

3990 में से 1803 छात्र-छात्राओं ने किया मतदान

चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। महाविद्यालय में कुल 3990 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 1803 छात्र-छात्राओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह मतदान प्रतिशत 46.3 प्रतिशत रहा।

मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना प्रक्रिया पूरी की गई। शाम को महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार कटियार ने विजयी प्रत्याशियों के नामों की औपचारिक घोषणा की।

अध्यक्ष पद पर जीत हासिल करने के बाद धीरज सिंह कन्याल के समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। परिणाम सामने आने के साथ ही कॉलेज परिसर और आसपास समर्थकों ने जश्न मनाया।

छात्रसंघ चुनाव में ABVP को चार पदों पर मिली जीत ने संगठन के लिए महत्वपूर्ण बढ़त दर्ज की है, वहीं NSUI ने भी तीन पदों पर जीत हासिल कर छात्र राजनीति में अपनी मौजूदगी बनाए रखी।