हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए सोमवार को दूसरी मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। दूसरी सूची के जरिए पहली मेरिट के बाद खाली रह गई सीटों पर छात्रों को प्रवेश का अवसर दिया जाएगा।
55 प्रतिशत तक अंक वालों को मिल सकता है प्रवेश
कॉलेज के प्रवेश प्रभारी प्रोफेसर नवल लोहनी के अनुसार, दूसरी मेरिट लिस्ट में 55 प्रतिशत तक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश का मौका मिलेगा। पहली मेरिट के बाद दाखिले की स्थिति को देखते हुए कॉलेज में कुछ सीटें खाली रह गई थीं, जिसके चलते दूसरी सूची जारी की जा रही है।
दूसरी मेरिट लिस्ट में नाम आने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर फीस जमा करनी होगी। फीस जमा होने के बाद ही उनका प्रवेश पक्का माना जाएगा।
अब तक करीब 50% छात्रों ने जमा की फीस
कॉलेज प्रशासन के मुताबिक अब तक करीब 50 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने ही प्रवेश शुल्क जमा किया है। फीस जमा करने की अंतिम तिथि नजदीक है, इसलिए चयनित छात्रों को बिना देरी के प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
समर्थ पोर्टल से ही जमा होगी फीस
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एनएस बनकोटी के अनुसार, प्रवेश शुल्क केवल समर्थ पोर्टल के माध्यम से जमा किया जाएगा। किसी अन्य माध्यम से जमा की गई फीस मान्य नहीं होगी।
यदि किसी अभ्यर्थी को ऑनलाइन फीस जमा करने के दौरान तकनीकी समस्या आती है, तो वह कॉलेज की प्रवेश समिति से सीधे संपर्क कर सकता है।




