बदरीनाथ चढ़ावा हेराफेरी मामला: 40 दिन की CCTV फुटेज खंगाल रही जांच टीम, पुराने रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में

0
2

चमोली: बदरीनाथ धाम में दान और चढ़ावे की कथित हेराफेरी मामले की जांच अब और व्यापक हो गई है। जांच एजेंसियां मंदिर परिसर में लगे पिछले 40 दिनों की सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि 2 जुलाई को सामने आई घटना पहली थी या इससे पहले भी चढ़ावे की गणना के दौरान अनियमितताएं होती रही थीं।

जांच का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि आरोपी कर्मचारी ने कथित हेराफेरी अकेले की या इसमें अन्य लोगों की भी भूमिका रही। सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

Ads

पुराने चढ़ावा रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में

बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) हर वर्ष दान और चढ़ावे की गणना के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम नियुक्त करती है। इस वर्ष गठित टीम में आरोपी अधिकारी भी शामिल था। इसी वजह से जांच केवल 2 जुलाई की घटना तक सीमित नहीं रखी गई है, बल्कि पहले हुई चढ़ावा गणना की प्रक्रियाओं और रिकॉर्ड की भी समीक्षा की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, मंदिर परिसर में उपलब्ध 40 दिनों की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी गई है। जांच टीम प्रत्येक फुटेज का विस्तार से परीक्षण कर रही है, ताकि यदि पहले भी किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई हो तो उसकी पुष्टि की जा सके और जिम्मेदार लोगों की पहचान हो सके।

अनियमितता मिलने पर होगी कार्रवाई

बीकेटीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि चढ़ावे की गणना स्थल की सभी सीसीटीवी रिकॉर्डिंग सुरक्षित हैं। जांच के दौरान प्रत्येक फुटेज की गहन समीक्षा की जाएगी। यदि किसी अन्य दिन भी किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।