सीएम धामी के निर्देश: उत्तराखंड को आपदा प्रबंधन में देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए करें काम

0
2

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उत्तराखंड को आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लक्ष्य के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल आपदा के बाद राहत पहुंचाना नहीं, बल्कि आधुनिक तकनीक और बेहतर तैयारी के जरिए आपदा जोखिम को न्यूनतम करना तथा जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

गुरुवार को आईटी पार्क में आयोजित राज्य स्तरीय मानसून पूर्व मॉक ड्रिल के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे संवेदनशील राज्य में आपदा प्रबंधन केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूर्व तैयारी, त्वरित निर्णय, बेहतर समन्वय और आधुनिक तकनीकों के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया।

Ads

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में एआई आधारित अर्ली वार्निंग सिस्टम, डिजिटल निगरानी प्रणाली, ड्रोन सर्विलांस, जीआईएस मैपिंग, सैटेलाइट मॉनिटरिंग और डाटा आधारित जोखिम आकलन जैसी आधुनिक तकनीकों को आपदा प्रबंधन से जोड़ा जा रहा है। इससे संभावित खतरों का समय रहते सटीक आकलन कर जन-धन के नुकसान को कम किया जा सकेगा। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में राहत और बचाव कार्यों को तेज़ बनाने के लिए रैपिड रिस्पांस टीमों को भी मजबूत किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने सभी जिलों को निर्देश दिए कि मॉक ड्रिल के दौरान मिली सीख और कमियों का गंभीरता से विश्लेषण कर 72 घंटे के भीतर विस्तृत समीक्षा रिपोर्ट उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को भेजी जाए। उन्होंने आम नागरिकों को आपदा सुरक्षा उपायों, आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों और आवश्यक सावधानियों की जानकारी देने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना और प्रदेश के सभी 13 जिलों की जिला आपदा प्रबंधन योजनाओं का भी विमोचन किया।