उत्तराखंड: शिक्षा विभाग में तबादलों की तैयारी तेज, कई वरिष्ठ पद खाली होने से होगा बड़ा प्रशासनिक फेरबदल

0
2

देहरादून: उत्तराखंड शिक्षा विभाग में अधिकारियों के तबादलों की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है। विभागीय प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है और संबंधित मंत्री की मंजूरी मिलते ही तबादला आदेश जारी किए जा सकते हैं। विभाग में लंबे समय से कई वरिष्ठ पद खाली होने के कारण बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी चल रही है।

शिक्षा विभाग के सूत्रों के अनुसार तबादलों का प्रस्ताव शासन के माध्यम से विभागीय मंत्री के पास अनुमोदन के लिए भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही अधिकारियों की नई तैनाती की सूची जारी कर दी जाएगी।

Ads

कई महत्वपूर्ण पद लंबे समय से खाली

सोमवार को माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल सती के सेवानिवृत्त होने के बाद विभाग में निदेशक स्तर के तीन पदों में से दो पद रिक्त हो जाएंगे। वहीं प्रारंभिक शिक्षा निदेशक का पद पहले से ही लंबे समय से खाली है, जिसका अतिरिक्त प्रभार अब तक डॉ. मुकुल सती संभाल रहे थे।

इसके अलावा उनके पास समग्र शिक्षा में अपर राज्य परियोजना निदेशक का अतिरिक्त दायित्व भी था, जो उनके सेवानिवृत्त होने के बाद खाली हो जाएगा।

उच्च स्तर पर अधिकारियों की कमी

विभाग में अपर निदेशक के 10 में से 5 पद और संयुक्त निदेशक के 23 में से अधिकांश पद फिलहाल रिक्त हैं। अधिकारियों की कमी को देखते हुए शिक्षा निदेशालय के साथ-साथ जिलों में भी बड़े पैमाने पर तबादले किए जाने की संभावना है।

जूनियर अधिकारियों को मिल सकती है अतिरिक्त जिम्मेदारी

वरिष्ठ अधिकारियों की कमी के चलते विभाग कुछ जूनियर अधिकारियों को भी प्रभारी के रूप में अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंप सकता है। माना जा रहा है कि आगामी तबादलों के जरिए विभाग प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और रिक्त पदों के कारण प्रभावित कार्यों को गति देने का प्रयास करेगा।