रुद्रपुर के सिडकुल चौराहे पर अमोनिया गैस रिसाव, सुबह-सुबह मची अफरा-तफरी

0
1

रुद्रपुर | उत्तराखंड के रुद्रपुर शहर में शुक्रवार सुबह सिडकुल चौराहे के पास अमोनिया गैस रिसाव की घटना से हड़कंप मच गया। सुबह करीब 6:45 बजे एक टैंकर से अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे पूरे इलाके में तेज गंध फैल गई और राहगीरों व स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग, स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और जिला आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। अग्निशमन अधिकारी महेश चंद्र ने अपनी टीम के साथ बजाज कंपनी के कर्मचारियों के सहयोग से गैस रिसाव पर काबू पाने का अभियान शुरू किया।

Ads

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए फायर ब्रिगेड की मदद से सड़क पर पानी का छिड़काव और धुलाई की गई, जिससे गैस के प्रभाव को कम किया जा सके। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि गैस पूरी तरह समाप्त होने के बाद ही राहत दल वापस लौटे।

फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। प्रशासन पूरे क्षेत्र की निगरानी कर रहा है और लोगों से सतर्क रहने तथा प्रभावित इलाके से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।