निहंग विवाद के बाद हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए बनेगी नई SOP, सीएम धामी बोले- यात्रा पर नहीं पड़ेगा असर

0
1

देहरादून | कर्णप्रयाग और नगरासू में हुए निहंग विवाद के बाद उत्तराखंड सरकार ने हेमकुंड साहिब यात्रा को और अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यात्रा संचालन के लिए जल्द ही एक मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से यात्रा प्रभावित न हो।

देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि निहंगों से जुड़े विवाद में कानून ने अपना काम किया है और सभी पक्षों से बातचीत कर स्थिति स्पष्ट कर दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा सुचारु रूप से जारी है तथा देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

Ads

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि यात्रा की सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सख्त कदम उठाने की आवश्यकता पड़ी, तो सरकार पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

सरकार के अनुसार, हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए पंजीकरण अनिवार्य है। अब तक 2.05 लाख से अधिक श्रद्धालु यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके हैं, जबकि 1.42 लाख से अधिक श्रद्धालु हेमकुंड साहिब में दर्शन कर चुके हैं।