अल्मोड़ा समाचार: बिपिन चंद्र त्रिपाठी की 82वीं जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि, उक्रांद ने दोहराया संघर्ष का संकल्प

0
2

द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। बग्वालीपोखर रामलीला मैदान में उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) द्वारा स्वर्गीय बिपिन चंद्र त्रिपाठी की 82वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम में शहीद चंदन सिंह भंडारी, कुंदन सिंह भंडारी तथा रामकोट मंदिर के संस्थापक महाराज अमर दास को भी श्रद्धांजलि दी गई।

राज्य आंदोलन में योगदान को किया याद

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने राज्य आंदोलन के प्रमुख रणनीतिकार एवं विचारक स्वर्गीय बिपिन चंद्र त्रिपाठी की कार्यशैली, संघर्षशीलता और जनहित के प्रति उनके समर्पण को विस्तार से याद किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण में उनका योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

Ads

समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प

गोष्ठी में उत्तराखंड क्रांति दल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की ज्वलंत समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लाल सिंह बिष्ट ने की, जबकि संचालन वीरेंद्र बजेठा द्वारा किया गया।

संगठन में नए पदाधिकारियों की नियुक्ति और सदस्यता अभियान

इस अवसर पर जगत सिंह भंडारी को बग्वालीपोखर का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने उत्तराखंड क्रांति दल की सदस्यता ग्रहण की। सभा में जगदीश नाथ, पंकज चौधरी, पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी, ब्लॉक अध्यक्ष लाल सिंह, हरिशरण शर्मा, कैलाश फुलारा, बिपिन पंत, आनंद बिष्ट, जगदीश सिंह रौतेला सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।