संदिग्ध परिस्थितियों में कारोबारी को कनपटी पर गोली, गंभीर हालत में एम्स रेफर, इलाके में सनसनी

0
1

रुद्रपुर। सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित एक दुकान के अंदर युवा कारोबारी ध्रुव चावला को संदिग्ध परिस्थितियों में कनपटी पर गोली लग गई। गंभीर हालत में उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे एम्स रेफर कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मौके से एक अवैध पिस्टल बरामद कर जांच शुरू कर दी है।

दुकान के अंदर खून से लथपथ मिला कारोबारी

जानकारी के अनुसार, आदर्श कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय ध्रुव चावला पुत्र स्वर्गीय अनिल चावला सिविल लाइन में ‘शू विला’ नाम से जूतों की दुकान अपने साझेदार हरजिंदर के साथ संचालित करता है। बताया जा रहा है कि रात करीब 9:30 बजे ध्रुव ने अपनी मां से फोन पर बातचीत कर जल्द घर आने की बात कही थी।

Ads

करीब 10:30 बजे तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई। ध्रुव की मां के कहने पर साझेदार हरजिंदर दुकान पर पहुंचे, जहां ध्रुव बेसुध अवस्था में खून से लथपथ पड़ा मिला। उसकी कनपटी पर गोली लगी थी।

पुलिस ने बरामद की अवैध पिस्टल

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से एक अवैध पिस्टल बरामद हुई है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। गोली चलने के कारणों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

सीसीटीवी कैमरे बंद मिलने से बढ़ी शंका

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के समय दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद थे। इससे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल घायल कारोबारी की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।