ऋषिकेश शुगर मिल हादसा: अचानक मशीन चलने से श्रमिक की मौत, दो मजदूर घायल

0
1

ऋषिकेश। शुगर मिल में सफाई कार्य के दौरान अचानक मशीन चालू हो जाने से एक श्रमिक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए। घटना के बाद घायल श्रमिकों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन गंभीर रूप से घायल एक मजदूर ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

सफाई के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार शुगर मिल का पेराई सत्र समाप्त होने के बाद मिल परिसर में सफाई का काम चल रहा था। इस दौरान श्रमिक बॉयलिंग हाउस में स्थित मिक्सर मशीन में जमी हुई चीनी को खुरचने का कार्य कर रहे थे। इसी बीच अचानक पंप चालू हो गया, जिससे वहां काम कर रहे श्रमिक मशीन की चपेट में आ गए।

Ads

अस्पताल में उपचार के दौरान हुई मौत

घटना के तुरंत बाद मिल प्रशासन ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल एक श्रमिक को बेहतर उपचार के लिए जौलीग्रांट अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक उत्तर प्रदेश का निवासी

शुगर मिल के फैक्ट्री मैनेजर आशुतोष अग्निहोत्री के अनुसार हादसे में जगमोहन (29) निवासी हरदोई, उत्तर प्रदेश की मौत हो गई। वहीं इस दुर्घटना में दो अन्य श्रमिक अरुण और घनश्याम घायल हो गए हैं।

मामले की जांच शुरू

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। वहीं शुगर मिल प्रशासन ने भी घटना की जांच शुरू कर दी है, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।