नागपुर के कोराड़ी देवी मंदिर परिसर में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। मंदिर के निर्माणाधीन गेट का हिस्सा अचानक गिरने से वहां काम कर रहे 17 मजदूर घायल हो गए। इनमें से तीन मजदूरों की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसा इतना अचानक हुआ कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायल मजदूरों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के मुताबिक मलबा हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
दिल्ली में बारिश के कहर से 7 लोगों की मौत, 100 फीट लंबी दीवार बनी काल
दक्षिण-पूर्व दिल्ली के जैतपुर स्थित हरिनगर पार्ट-2 में शनिवार सुबह बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा हुआ। यहां एक समाधि स्थल की करीब 100 फीट लंबी और ऊंची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के नीचे पास के खाली प्लॉट में बनी झुग्गियां दब गईं।
हादसा होते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। लोग चिल्लाने और मदद के लिए दौड़ने लगे। पुलिस और दमकल विभाग को तुरंत सूचना दी गई। स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाया गया और दबे हुए 8 लोगों को बाहर निकाला गया। उन्हें एम्स ट्रॉमा सेंटर और सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो मासूम बच्चियों समेत सात लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक अन्य युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
दिल्ली पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि 100 फीट लंबी दीवार में एक भी कॉलम नहीं था, जिससे इसकी मजबूती पर सवाल उठ रहे हैं।

बंगलूरू को पीएम मोदी की सौगात – यलो लाइन मेट्रो और वंदे भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन आज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को बंगलूरू को दो बड़ी सौगात देंगे। वह यलो लाइन मेट्रो और बंगलूरू-बेलगावी वंदे भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री सुबह 10:30 बजे एचएएल एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। इसके बाद वे केएसआर बंगलूरू स्टेशन से वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे।
इन परियोजनाओं से बंगलूरू और आसपास के क्षेत्रों में परिवहन सुविधा में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है।
कांग्रेस की मतदाता सूची में हेरफेर के खिलाफ बड़ी रणनीति बैठक 11 अगस्त को
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनावी प्रक्रिया में ‘मतदाता धोखाधड़ी’ का आरोप लगाया है। इसी मुद्दे पर कांग्रेस 11 अगस्त को एक अहम बैठक आयोजित करेगी। इसमें पार्टी महासचिव, राज्यों के प्रभारी और फ्रंटल संगठनों के प्रमुख शामिल होंगे।
बैठक में ‘मतदाता सूची में हेरफेर और चुनावी धोखाधड़ी’ के खिलाफ देशव्यापी अभियान पर चर्चा और रणनीति तय की जाएगी। साथ ही, कांग्रेस इंडिया ब्लॉक के अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का विरोध भी करेगी।
लंदन में नए कानून का उल्लंघन, फलस्तीन समर्थक 365 प्रदर्शनकारी गिरफ्तार
मध्य लंदन में पुलिस ने फलस्तीन एक्शन ग्रुप के समर्थन पर प्रतिबंध लगाने वाले नए कानून का उल्लंघन करने के आरोप में 365 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है। जुलाई में ब्रिटिश संसद ने इस ग्रुप को गैरकानूनी घोषित किया था।
इसके बावजूद, इसके समर्थकों ने पूरे ब्रिटेन में कई प्रदर्शन आयोजित किए हैं। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए लोगों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मैनपुरी में तेज रफ्तार बस पलटी, 20 लोग घायल, महिला की हालत गंभीर
मैनपुरी के दन्नाहार क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 20 लोग घायल हो गए हैं, जबकि एक महिला की हालत बेहद गंभीर है और उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
बस में लगभग 45 यात्री सवार थे। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने भी तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
बांग्लादेश में फरवरी 2026 के पहले सप्ताह में होंगे आम चुनाव
बांग्लादेश के मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) एएमएम नासिर उद्दीन ने शनिवार को घोषणा की कि देश में फरवरी 2026 के पहले सप्ताह में आम चुनाव कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से कराना अब भी एक बड़ी चुनौती है।
सटीक तारीख कार्यक्रम की घोषणा से दो महीने पहले बताई जाएगी।
भारत-ओमान के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर सैद्धांतिक सहमति
भारत और ओमान के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लेकर सैद्धांतिक सहमति बन गई है। एक अधिकारी के मुताबिक, समझौते के दस्तावेज का अरबी में अनुवाद ओमान में किया जा रहा है। इसके बाद दोनों देशों के मंत्रिमंडल इसे मंजूरी देंगे।
दोनों देशों ने निर्णय लिया है कि समझौते का एलान और हस्ताक्षर संयुक्त रूप से किए जाएंगे। उम्मीद है कि यह प्रक्रिया अगले दो-तीन महीने में पूरी हो जाएगी।