उत्तराखंड में कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर आपूर्ति के लिए नई एसओपी जारी, रोजाना 2650 सिलिंडर वितरित होंगे

0
2

देहरादून। आगामी चारधाम यात्रा और बढ़ते पर्यटन सीजन को ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड सरकार ने व्यावसायिक एलपीजी गैस सिलिंडरों की आपूर्ति के लिए नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी की है। इसके तहत राज्य में प्रतिदिन 2650 कमर्शियल एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

पर्यटन और व्यवसाय को ध्यान में रखकर लिया गया फैसला

खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के सचिव आनंद स्वरूप द्वारा जारी एसओपी के अनुसार व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की कमी से पर्यटन और होटल उद्योग प्रभावित हो सकता है। इसी को देखते हुए पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देश पर यह व्यवस्था लागू की गई है।

Ads

इसके तहत तेल और गैस कंपनियां आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल रोजाना 2650 कमर्शियल एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति करेंगी और इसकी जानकारी संबंधित जिलाधिकारियों को दी जाएगी।

इन क्षेत्रों को मिलेगी प्राथमिकता

नई व्यवस्था के तहत कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों को व्यावसायिक गैस सिलिंडर की आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी। इनमें शामिल हैं—

  • फार्मास्युटिकल उद्योग

  • होटल और रिसॉर्ट

  • रेस्टोरेंट व ढाबे

  • सरकारी और सरकारी नियंत्रण वाले गेस्ट हाउस

  • डेयरी और खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां

  • औद्योगिक कैंटीन

  • पेइंग गेस्ट सुविधा वाले छात्रावास

  • होम स्टे और स्वयं सहायता समूहों के प्रतिष्ठान

इन सभी क्षेत्रों को प्रतिदिन निर्धारित संख्या में गैस सिलिंडरों की आपूर्ति की जाएगी।

जिलावार तय किया गया गैस सिलिंडर का आवंटन

सरकार ने एसओपी में जिलों के अनुसार गैस सिलिंडरों का वितरण भी निर्धारित किया है। इसके तहत—

  • देहरादून – 31%

  • हरिद्वार – 13%

  • नैनीताल – 13%

  • ऊधम सिंह नगर – 9%

  • चमोली – 6%

  • रुद्रप्रयाग – 5%

  • टिहरी – 4%

  • पौड़ी – 4%

  • उत्तरकाशी – 4%

  • अल्मोड़ा – 4%

  • पिथौरागढ़ – 3%

  • बागेश्वर – 2%

  • चंपावत – 2%

सरकार का कहना है कि इस नई व्यवस्था से पर्यटन सीजन और चारधाम यात्रा के दौरान होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को गैस आपूर्ति में राहत मिलेगी।