नैनीताल साइबर ठगी: फर्जी योनो लिंक से युवक के खाते से 1.87 लाख रुपये पार, साइबर थाना में मुकदमा दर्ज

0
2

हल्द्वानी। नैनीताल जिले में साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां फर्जी लिंक के जरिए एक युवक के बैंक खाते से 1.87 लाख रुपये उड़ा लिए गए। योनो एप डाउनलोड करने में असफल रहने के बाद युवक साइबर अपराधियों के जाल में फंस गया। मामले में साइबर थाना रुद्रपुर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

फर्जी लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हुआ क्लोन

हल्द्वानी के साईपुरम, कमलुवागांजा निवासी गौरव तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बैंक खाता एसबीआई शाखा कुसुमखेड़ा में है। कुछ दिन पहले उन्होंने गूगल प्ले स्टोर से एसबीआई की योनो एप डाउनलोड करने का प्रयास किया, लेकिन डाउनलोड नहीं हो सका।

Ads

अगले ही दिन उनके मोबाइल नंबर पर एक संदिग्ध लिंक भेजा गया। लिंक खोलते ही वे एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ गए, जिसमें कई अज्ञात नंबर शामिल थे। ग्रुप में साझा किए गए लिंक पर क्लिक करने पर उन्हें फर्जी योनो एप पर भेजा गया, जहां अपडेट के नाम पर निजी बैंकिंग जानकारी भरवाई गई।

ओटीपी आते ही खाते से उड़ गए लाखों रुपये

बैंकिंग जानकारी भरते ही उनके मोबाइल पर एसबीआई योनो से संबंधित ओटीपी आने लगे। उसी दिन खाते से पहले 50,000 रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। इसके बाद अलग-अलग लेनदेन में 42,575 रुपये और 89,710 रुपये सहित कुल 1,87,286.64 रुपये इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से अज्ञात खातों में भेज दिए गए।

मोबाइल क्लोनिंग के जरिए ठगी

साइबर विशेषज्ञ सत्यम के अनुसार, लिंक पर क्लिक करते ही ठगों ने मोबाइल का एक्सेस अपने कब्जे में ले लिया। मोबाइल क्लोन कर साइबर अपराधियों ने बैंकिंग संबंधी सभी गतिविधियां संचालित कीं। पीड़ित द्वारा दी गई जानकारी का दुरुपयोग कर ओटीपी के माध्यम से रकम निकाली गई।

साइबर सेल कर रही जांच

मामले में साइबर थाना रुद्रपुर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि साइबर सेल से प्राप्त तकनीकी विवरण के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके।