देहरादून: दून अस्पताल की ओपीडी बिल्डिंग में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, मची अफरातफरी

0
2

देहरादून। राजधानी देहरादून के दून अस्पताल की ओपीडी बिल्डिंग की पहली मंजिल पर रविवार सुबह अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और किसी प्रकार का बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

पंजीकरण के दौरान सीलिंग के अंदर उठीं आग की लपटें

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10 बजे महिला एवं प्रसूति रोग विभाग में मरीजों का पंजीकरण किया जा रहा था। इसी दौरान काउंटर के अंदर मौजूद कर्मचारियों को सीलिंग के भीतर से धुआं और आग की लपटें दिखाई दीं। स्थिति को गंभीर देखते हुए कर्मचारियों ने तुरंत फायर फाइटर्स और सुरक्षा कर्मियों को सूचना दी।

Ads

बिजली आपूर्ति बंद कर आग पर पाया गया काबू

घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन सक्रिय हो गया और तुरंत बिजली का कनेक्शन काट दिया गया। इसके बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर आग लगी थी, वहां सीलिंग के अंदर एसी के कंडेनसेशन से पानी का रिसाव हो रहा था, जिससे शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

मरीजों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने की सूचना मिलते ही पंजीकरण के लिए खड़े मरीजों को तुरंत नीचे भेज दिया गया और उस क्षेत्र में लोगों की आवाजाही रोक दी गई। घटना के समय अस्पताल परिसर में एक हजार से अधिक मरीज मौजूद थे, लेकिन समय पर कार्रवाई होने से किसी को नुकसान नहीं पहुंचा।

पहले भी हो चुकी हैं आग लगने की घटनाएं

दून अस्पताल में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार अस्पताल परिसर में आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हाल ही में अस्पताल के रेडियोलॉजी विभाग में आग लगने से कई मशीनें जल गई थीं। इसके अलावा पुरानी बिल्डिंग के पास स्थित कैंटीन में भी आग लगने की घटना सामने आई थी।

दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही फायर टीम ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित कर लिया। साथ ही अस्पताल में सभी बिजली के तारों और सिस्टम की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।