देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में एक बीटेक छात्र की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि मामूली विवाद से शुरू हुआ झगड़ा धीरे-धीरे बढ़ता गया और अंततः छात्र दिव्यांशु की जान चली गई।
Table of Contents
Toggleगाना बजाने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
करीब दो महीने पहले विश्वविद्यालय के गेट के बाहर कार में गाना बजाने को लेकर दो छात्र गुटों के बीच विवाद शुरू हुआ था। इस घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच लगातार तनाव बना रहा और कई बार झड़प भी हुई।
बाजार में घेरकर किया हमला
सोमवार रात दिव्यांशु अपने दोस्तों के साथ प्रेमनगर बाजार में खाना खाने गया था। इसी दौरान दूसरे गुट के युवक वहां पहुंच गए और उसे घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने उसे धमकाते हुए हमला कर दिया। लाठी-डंडों और फावड़े से लगातार मारपीट की गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
भरे बाजार में होती रही पिटाई, लोग बने रहे मूकदर्शक
घटना के दौरान करीब 15 आरोपी युवक दिव्यांशु को पीटते रहे, लेकिन आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। बाद में एक दंपत्ति ने घायल को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
पहले भी हो चुकी थी मारपीट की घटनाएं
जानकारी के अनुसार करीब 15 दिन पहले भी आरोपियों ने दिव्यांशु के गुट के एक छात्र के साथ मारपीट की थी। इसके अलावा बाइक छीनने और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आई थीं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस में शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दिव्यांशु अपने परिवार का बड़ा बेटा था और बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। उसके निधन से परिवार पूरी तरह टूट गया है। पीछे एक छोटा भाई और माता-पिता रह गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस की कार्रवाई और सख्ती
घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र में सत्यापन अभियान चलाया। बिना सत्यापन छात्रों को रखने वाले हॉस्टल संचालकों पर कार्रवाई करते हुए आठ संचालकों पर 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा कई वाहनों के चालान और लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट में कार्रवाई की गई है।
गुटबाजी करने वाले छात्रों पर होगी सख्त कार्रवाई
एसएसपी ने कहा है कि शिक्षण संस्थानों में गुटबाजी करने वाले छात्रों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है और किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




