न्यूरालिंक का कमाल: ब्रेन चिप ने बदली मरीज की जिंदगी, अब बिजनेस शुरू करने की कर रहे तैयारी

0
45

दिमाग के इशारे से चलने लगा कंप्यूटर

एलन मस्क की कंपनी न्यूरालिंक (Neuralink) ने ब्रेन चिप तकनीक के जरिए असंभव को संभव कर दिखाया है। इस चिप का पहला इम्प्लांट पाने वाले मरीज नोलांड अर्बॉघ अब सिर्फ दिमाग के इशारों से टीवी ऑन कर सकते हैं, वीडियो गेम खेल सकते हैं और यहां तक कि कंप्यूटर पर पढ़ाई भी कर सकते हैं।

स्विमिंग दुर्घटना के बाद लकवाग्रस्त हो गए थे अर्बॉघ

साल 2016 में एक स्विमिंग दुर्घटना के कारण अर्बॉघ की रीढ़ की हड्डी को गंभीर चोट आई थी। इस हादसे के बाद उनके कंधों के नीचे का पूरा शरीर लकवाग्रस्त हो गया था। वे अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में पूरी तरह दूसरों पर निर्भर हो गए थे।

Ads

कैसे काम करती है न्यूरालिंक चिप

साल 2024 में अर्बॉघ के सिर में सर्जिकल रोबोट की मदद से सिक्के के आकार का छेद कर यह चिप लगाई गई थी। इस चिप से 1,000 से ज्यादा इलेक्ट्रोड उनके दिमाग के न्यूरॉन्स से जोड़े गए। यह डिवाइस मस्तिष्क से निकलने वाले इलेक्ट्रिक सिग्नल्स को पढ़कर उन्हें डिजिटल कमांड में बदल देता है। इसी तकनीक की मदद से अर्बॉघ अब कंप्यूटर और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को बिना शरीर हिलाए नियंत्रित कर पा रहे हैं।

गेम खेलने से लेकर पढ़ाई तक

न्यूरालिंक चिप की मदद से अर्बॉघ अब मारियो कार्ट जैसे वीडियो गेम खेलते हैं, टीवी चलाते हैं और अपने एयर प्यूरीफायर तक को नियंत्रित कर लेते हैं। उन्होंने बताया कि वह रोज लगभग 10 घंटे इस डिवाइस का इस्तेमाल कंप्यूटर पर पढ़ाई और किताबें पढ़ने के लिए करते हैं। यही नहीं, उन्होंने एरिजोना के एक कम्युनिटी कॉलेज में दाखिला भी लिया है और अब बिजनेस शुरू करने, पेड लेक्चर देने और लाइव टॉक्स करने की योजना बना रहे हैं।

मिली जिंदगी को नई दिशा

अर्बॉघ ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि सर्जरी से पहले वे रातभर जागते रहते थे और दिनभर सोते थे। उनका कहना है कि उस वक्त उनके जीवन का कोई उद्देश्य नहीं था और वे बस यूं ही समय गुजरने का इंतजार करते रहते थे। न्यूरालिंक की मदद से उन्हें अब अपनी जिंदगी का नया मकसद मिला है।

मजाक में खुद को बताया साइबॉर्ग

अर्बॉघ ने मजाक करते हुए कहा कि अब वह तकनीकी रूप से एक साइबॉर्ग हैं, क्योंकि उन्हें मशीन ने और बेहतर बना दिया है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वे खुद को अभी भी एक साधारण इंसान ही मानते हैं।