अल्मोड़ा समाचार: चगेठी के जंगल में भीषण आग, गांव की ओर बढ़ती लपटों से मची अफरा-तफरी

0
2

अल्मोड़ा। जिले में तापमान बढ़ने के साथ ही जंगलों में आग लगने की घटनाएं तेज होने लगी हैं। बुधवार शाम भनोली क्षेत्र के चगेठी गांव के पास जंगल में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें तेजी से गांव की ओर बढ़ने लगीं, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस आग से कई हेक्टेयर क्षेत्र में फैली बहुमूल्य वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा।

गांव की ओर बढ़ती आग से घबराए ग्रामीण

फायर स्टेशन अल्मोड़ा को बुधवार शाम करीब 4:01 बजे सूचना मिली कि भनोली के पास चगेठी गांव के जंगलों में आग धधक रही है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और तेजी से गांव की ओर बढ़ने लगी। स्थिति को गंभीर होता देख ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए और फायर सर्विस टीम के पहुंचने का इंतजार करने लगे।

Ads

फायर सर्विस की टीम ने दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद करीब दो घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। आग के नियंत्रण में आने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

वन संपदा को हुआ भारी नुकसान

इस आग की घटना में कई हेक्टेयर जंगल की वन संपदा जलकर नष्ट हो गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र सिंह कुंवर ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को तुरंत मौके के लिए रवाना किया गया, लेकिन दूरी अधिक होने के कारण वाहन को पहुंचने में लगभग एक घंटे से अधिक समय लगा। फायर टीम ने देर शाम करीब 7:30 बजे तक गांव की ओर बढ़ रही आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया।

अभियान में ओम प्रकाश, हरि सिंह, महमूद अली, पूजा और निकेता सहित फायर सर्विस के कई कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।