देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से सियासी बिसात बिछने लगी है। इस बार चुनाव में केवल सत्ता की वापसी या परिवर्तन ही मुद्दा नहीं होगा, बल्कि राजनीतिक दलों के सामने अनुभवी नेताओं और युवा नेतृत्व के बीच संतुलन बनाने की भी बड़ी चुनौती रहेगी। दशकों से प्रदेश की राजनीति में प्रभाव रखने वाले पुराने दिग्गजों के बीच अब नई पीढ़ी अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटी है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों में युवा चेहरों को आगे बढ़ाने की चर्चा तेज है।
राष्ट्रीय राजनीति में युवाओं की बढ़ती भागीदारी का असर अब उत्तराखंड की सियासत में भी दिखाई देने लगा है। राजनीतिक दलों की नजर केवल युवा मतदाताओं पर ही नहीं, बल्कि युवा प्रत्याशियों पर भी है। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव में कई सीटों पर पुराने नेताओं और नए चेहरों के बीच टिकट को लेकर प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है।
प्रदेश की राजनीति में एक ओर लंबे समय से सक्रिय अनुभवी नेता हैं, जिनका अपने क्षेत्रों में मजबूत जनाधार और संगठन पर प्रभाव है। दूसरी ओर युवा नेता भी विधानसभा तक पहुंचने के लिए अपनी दावेदारी मजबूत कर रहे हैं। हालांकि अभी किसी भी दल ने टिकट वितरण को लेकर अंतिम फैसला नहीं किया है, लेकिन संगठनात्मक गतिविधियों और राजनीतिक समीकरणों से साफ है कि 2027 का चुनाव नई पीढ़ी के लिए अहम अवसर बन सकता है।
धामी से दुर्गेश्वर और सौरभ बहुगुणा तक भाजपा में युवा नेतृत्व
भाजपा में अनुभवी नेताओं की लंबी फेहरिस्त है। बंशीधर भगत, सतपाल महाराज, गणेश जोशी, विशन सिंह चुफाल, मुन्ना सिंह चौहान और किशोर उपाध्याय जैसे नेताओं ने लंबे समय तक प्रदेश की राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। इन नेताओं का राजनीतिक अनुभव और अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभाव पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है।
वहीं, दूसरी ओर युवा नेतृत्व की भी एक मजबूत टोली तैयार हो रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद भाजपा के प्रमुख युवा चेहरों में शामिल हैं। उनके नेतृत्व में पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में एक बार फिर सत्ता में वापसी की तैयारी कर रही है।
इसके अलावा कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा और विधायक दुर्गेश्वर लाल जैसे नेताओं को भी युवा नेतृत्व की प्रमुख कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। इन नेताओं के सामने अपनी राजनीतिक स्वीकार्यता बढ़ाने के साथ संगठन और जनता के बीच मजबूत पकड़ बनाने की चुनौती भी है।
भाजपा के लिए सबसे बड़ा सवाल यह रहेगा कि अनुभवी नेताओं के राजनीतिक प्रभाव को बनाए रखते हुए नई पीढ़ी को कितनी जगह दी जाए। पार्टी के सामने मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन, क्षेत्र में सक्रियता और जनता के बीच उनकी स्वीकार्यता को ध्यान में रखकर प्रत्याशी चयन करने की चुनौती होगी।
टिकट के लिए केवल उम्र नहीं, जीतने की क्षमता भी होगी पैमाना
भाजपा आगामी चुनाव में प्रत्याशी चयन को लेकर विधायकों के रिपोर्ट कार्ड और संगठन से मिलने वाले फीडबैक पर भी ध्यान दे रही है। विधायकों के पांच साल के कामकाज, क्षेत्र में सक्रियता, जनता से संपर्क और चुनाव जीतने की संभावनाओं को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ऐसे में केवल युवा होने के आधार पर किसी नेता को टिकट मिलना आसान नहीं होगा। पार्टी के लिए चुनावी जीत सबसे महत्वपूर्ण पैमाना रहेगी। जिन युवा नेताओं ने संगठन में सक्रिय भूमिका निभाई है और अपने विधानसभा क्षेत्रों में मजबूत जनसंपर्क बनाया है, उनकी दावेदारी को बल मिल सकता है।
कांग्रेस में भी युवा चेहरों को आगे बढ़ाने की तैयारी
भाजपा की तरह कांग्रेस में भी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर युवा नेतृत्व पर जोर दिया जा रहा है। पार्टी के सामने लगातार दो विधानसभा चुनावों में मिली हार के बाद संगठन को मजबूत करने और नई राजनीतिक पीढ़ी तैयार करने की चुनौती है।
प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी में 40 प्रतिशत से अधिक युवाओं को स्थान दिए जाने को इसी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी वरिष्ठ नेताओं के अनुभव के साथ युवा कार्यकर्ताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देने की कोशिश कर रही है।
कांग्रेस में भुवन चंद्र कापड़ी, अनुपमा रावत, वीरेंद्र रावत और अन्य युवा नेताओं को नई पीढ़ी के राजनीतिक चेहरों के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, संगठन में अभिषेक सिंह और अश्वनी बहुगुणा जैसे युवा नेताओं को भी जिम्मेदारियां दी गई हैं।
युवा कांग्रेस की ओर से आगामी विधानसभा चुनाव में सात से आठ सीटों पर युवाओं को टिकट देने की मांग उठाने की बात भी सामने आई है। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस के भीतर भी युवा नेताओं को चुनावी मैदान में उतारने की मांग जोर पकड़ रही है।
पुराने दिग्गजों का अनुभव भी पार्टियों के लिए अहम
उत्तराखंड की राजनीति में वरिष्ठ नेताओं का प्रभाव आज भी काफी महत्वपूर्ण है। भाजपा में सतपाल महाराज, बंशीधर भगत और गणेश जोशी जैसे नेताओं का लंबा राजनीतिक अनुभव पार्टी के लिए अहम है। वहीं कांग्रेस में हरीश रावत, प्रीतम सिंह, यशपाल आर्य, हरक सिंह रावत और गणेश गोदियाल जैसे नेताओं की राजनीतिक भूमिका महत्वपूर्ण बनी हुई है।
इन नेताओं के पास वर्षों का राजनीतिक अनुभव, संगठनात्मक समझ और क्षेत्रीय जनसंपर्क है। ऐसे में राजनीतिक दल इनका अनुभव पूरी तरह नजरअंदाज नहीं कर सकते। दूसरी ओर, बदलते मतदाता व्यवहार और युवा आबादी की अपेक्षाओं को देखते हुए नई पीढ़ी को भी प्रतिनिधित्व देना जरूरी माना जा रहा है।
यही वजह है कि आगामी चुनाव में टिकट वितरण के दौरान दोनों दलों को पुराने नेताओं की दावेदारी और युवा चेहरों की महत्वाकांक्षाओं के बीच संतुलन बनाना होगा।
2027 में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी भी होगी अहम
आगामी विधानसभा चुनाव में केवल युवा पुरुष नेताओं को ही नहीं, बल्कि महिला नेतृत्व को भी अधिक अवसर देने की मांग उठ रही है। कांग्रेस की ओर से युवाओं के साथ महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। भाजपा के लिए भी महिला मतदाताओं और महिला नेतृत्व की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।
प्रदेश में शिक्षा, रोजगार, पलायन, स्वास्थ्य सुविधाएं, सड़क, पर्यटन और स्थानीय विकास जैसे मुद्दे युवा मतदाताओं की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। ऐसे में राजनीतिक दल ऐसे चेहरों को आगे बढ़ाना चाहेंगे, जो इन मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठा सकें और जनता के बीच अपनी विश्वसनीयता बना सकें।
पुराने और नए चेहरों के बीच संतुलन बनाना होगी असली चुनौती
उत्तराखंड विधानसभा में कुल 70 सीटें हैं और आगामी चुनाव में दोनों प्रमुख दलों के सामने मजबूत प्रत्याशी उतारने की चुनौती रहेगी। भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश करेगी, जबकि कांग्रेस सत्ता परिवर्तन के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।
ऐसे में टिकट वितरण दोनों दलों के लिए सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक फैसलों में से एक होगा। वरिष्ठ नेताओं को नजरअंदाज करना जहां पार्टी के भीतर असंतोष पैदा कर सकता है, वहीं युवाओं को पर्याप्त अवसर नहीं मिलने पर नई पीढ़ी में नाराजगी बढ़ने की आशंका रहेगी।
फिलहाल टिकटों को लेकर चल रही चर्चाएं राजनीतिक संभावनाओं और संगठनात्मक तैयारियों पर आधारित हैं। अंतिम फैसला चुनावी सर्वे, संगठन की राय, क्षेत्रीय समीकरण और जीतने की क्षमता को ध्यान में रखकर ही लिया जाएगा।
कुल मिलाकर 2027 का विधानसभा चुनाव उत्तराखंड की राजनीति में नेतृत्व की अगली पीढ़ी तय करने वाला भी साबित हो सकता है। अब देखना होगा कि पुराने राजनीतिक बरगदों की छांव में नई पीढ़ी को कितनी जगह मिलती है और टिकट वितरण में अनुभव पर भरोसा भारी पड़ता है या युवा ऊर्जा को अधिक प्राथमिकता दी जाती है।





