रानीखेत (अल्मोड़ा)। उत्तराखंड की सियासत में एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत के बयान ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। रानीखेत में आयोजित जनसभा के दौरान हरदा ने अपने चिर-परिचित अंदाज में कहा कि जब तक उत्तराखंड और केंद्र में कांग्रेस की सरकार नहीं बन जाती, तब तक हरीश रावत बूढ़ा नहीं होगा। उनके इस बयान के बाद सभा में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने और आगामी चुनावों में कांग्रेस की वापसी के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
भाजपा पर साधा निशाना, कहा- झगड़े की राजनीति करती है भाजपा
हरीश रावत ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के झूठ और उसकी राजनीति से लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति आदर-सत्कार, प्रेम और त्याग जैसे सामाजिक मूल्यों को आपसी विवाद में बदलने पर आधारित है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कभी धर्म के नाम पर लोगों को बांटती है तो कभी जाति, भाषा और क्षेत्रवाद के नाम पर समाज में मतभेद पैदा करती है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा के पास विकास और जनहित के मुद्दों के अलावा लोगों को आपस में लड़ाने के ही मुद्दे रह गए हैं।
अंकिता हत्याकांड को लेकर सरकार पर उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस घटना से जुड़े कई सवालों के जवाब अभी भी मिलने बाकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की अस्मिता और महिलाओं की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की अस्मिता, युवाओं के भविष्य और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रदेश में राजनीतिक बदलाव जरूरी है।
युवाओं और प्रदेश के भविष्य को लेकर सरकार को घेरा
हरीश रावत ने प्रदेश में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार विकास और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस जनता के हितों की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है।
कांग्रेस नेताओं ने भी भाजपा पर लगाए आरोप
जनसभा में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने भी भाजपा पर निशाना साधा। हरीश रावत और करन माहरा ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता सत्ता का दुरुपयोग कर रहे हैं और सत्ताधारी दल के कुछ विधायक लोगों को डराने-धमकाने का काम कर रहे हैं। प्रदेश सरकार में भ्रष्टाचार को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए।
इससे पहले भतरौजखान में रैली के बाद रानीखेत में हीरामन धर्मशाला के समीप आयोजित जनसभा में हरीश रावत ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती का संदेश दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने और कांग्रेस की नीतियों एवं विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।
हरीश रावत ने दावा किया कि उत्तराखंड में कांग्रेस की वापसी होने जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही इस बदलाव को संभव बनाएगी।
जनसभा में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा, पालिकाध्यक्ष अरुण रावत, दीपक बिष्ट, डॉ. अजय पाल, दीपक करगेती, कमलेश बोरा, अगस्त लाल साह, कुलदीप कुमार, नेहा साह महरा, अतुल जोशी सहित अनेक कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





