उत्तराखंड में सड़क परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार, सीएम धामी के अनुरोध पर नितिन गडकरी ने दी प्रगति रिपोर्ट

0
2

टनकपुर-बागेश्वर, बागेश्वर-कर्णप्रयाग और ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन परियोजनाओं की स्केप टनलों को दो लेन मोटर यातायात के अनुकूल बनाने का प्रस्ताव; राष्ट्रीय राजमार्गों के चौड़ीकरण और बाईपास निर्माण पर भी केंद्र ने दी जानकारी।

देहरादून। उत्तराखंड में सड़क और परिवहन कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने राज्य की विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास, चौड़ीकरण और बाईपास निर्माण से जुड़ी परियोजनाओं की स्थिति की जानकारी दी है।

दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सितंबर 2026 में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को पत्र लिखकर टनकपुर-बागेश्वर, बागेश्वर-कर्णप्रयाग और ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन परियोजनाओं के अंतर्गत प्रस्तावित स्केप टनलों को दो लेन मोटर वाहन यातायात के अनुकूल बनाने का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री का उद्देश्य इन परियोजनाओं के निर्माण के दौरान भविष्य की सड़क कनेक्टिविटी की संभावनाओं को भी ध्यान में रखना है।

राष्ट्रीय राजमार्ग-09: टनकपुर से जौलजीबी तक चौड़ीकरण पूरा

केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग-09 की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि टनकपुर से जौलजीबी तक 183 किलोमीटर लंबे मार्ग का दो लेन चौड़ीकरण कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, 10 किलोमीटर लंबे चंपावत बाईपास का निर्माण कार्य अभी प्रगति पर है।

इसके अलावा लोहाघाट और पिथौरागढ़ बाईपास के निर्माण कार्यों को वर्ष 2027-28 में स्वीकृति देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन बाईपास के बनने से शहरों के भीतर यातायात का दबाव कम करने और यात्रियों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

राष्ट्रीय राजमार्ग-109K: जौलजीबी से बागेश्वर तक सड़क विकास की तैयारी

राष्ट्रीय राजमार्ग-109K के अंतर्गत जौलजीबी से बागेश्वर तक लगभग 190 किलोमीटर लंबे मार्ग के विकास की योजना पर भी जानकारी दी गई है।

इसमें जौलजीबी से बंगापानी तक 29 किलोमीटर सड़क का कार्य स्वीकृत हो चुका है। वहीं, बंगापानी से बागेश्वर तक शेष 160 किलोमीटर मार्ग के दो लेन चौड़ीकरण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कर ली गई है। इस परियोजना को वर्ष 2027-28 में स्वीकृति देने का लक्ष्य रखा गया है।

यह मार्ग सीमांत क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बागेश्वर-कर्णप्रयाग मार्ग के चौड़ीकरण की डीपीआर तैयार

बागेश्वर से कर्णप्रयाग तक 108 किलोमीटर लंबे मार्ग के दो लेन चौड़ीकरण के लिए भी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार हो चुकी है। इस परियोजना को वर्ष 2027-28 में स्वीकृति देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इस मार्ग के विकसित होने से कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के बीच सड़क संपर्क को मजबूती मिलने की उम्मीद है। साथ ही धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान बनाने में भी मदद मिलेगी।

ऋषिकेश-उत्तरकाशी मार्ग का दो लेन चौड़ीकरण पूरा

राष्ट्रीय राजमार्ग-34 के अंतर्गत ऋषिकेश से उत्तरकाशी तक 143 किलोमीटर लंबे मार्ग का दो लेन चौड़ीकरण कार्य पूरा हो चुका है।

वहीं, उत्तरकाशी से गंगोत्री तक 100 किलोमीटर लंबे मार्ग में से 14 किलोमीटर का कार्य स्वीकृत किया गया है। शेष 86 किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण कार्य को वर्ष 2027-28 में स्वीकृति देने का लक्ष्य रखा गया है।

यह मार्ग गंगोत्री धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले स्थानीय लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार का जताया आभार

प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही पर्यटन, व्यापार और सामरिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य में आधारभूत ढांचे का विकास प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को गति देने और दूरस्थ क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।