सावित्री देवी ने शुक्रवार सुबह अपने पैतृक गांव पंचूर स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। वह 91 वर्ष की थीं और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ बताई जा रही थीं। उनके निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड पहुंचे और अपने पैतृक गांव जाकर मां के अंतिम दर्शन किए।
मां के निधन की खबर मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में अपने निर्धारित कार्यक्रम में शामिल थे। इसके बाद वह उत्तराखंड के लिए रवाना हुए और पंचूर पहुंचकर मां को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य और गांव के लोग भी मौजूद रहे।
पंचूर से हरिद्वार के लिए रवाना हुई अंतिम यात्रा
शनिवार सुबह पैतृक गांव पंचूर से सावित्री देवी की अंतिम यात्रा हरिद्वार के लिए रवाना हुई। अंतिम यात्रा में परिवार के सदस्यों के साथ स्थानीय लोग भी शामिल हुए। पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ हरिद्वार के चंडीघाट ले जाया गया।
हरिद्वार के चंडीघाट स्थित नीलधारा गंगा तट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। पारिवारिक परंपरा के अनुसार हरिद्वार में अंतिम संस्कार का निर्णय लिया गया है। इसके लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
आचार्य बालकृष्ण की देखरेख में अंतिम संस्कार की तैयारियां
सावित्री देवी के अंतिम संस्कार को लेकर पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण की देखरेख में तैयारियां की जा रही हैं। चंडीघाट स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया है।
आचार्य बालकृष्ण ने तैयारियों का जायजा लेते हुए कहा कि यह अत्यंत दुख की घड़ी है। उन्होंने दिवंगत सावित्री देवी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका जाना सभी के लिए दुखद है। अंतिम संस्कार सनातन परंपरा और पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई बड़े नेता होंगे शामिल
सावित्री देवी के अंतिम संस्कार में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित कई वरिष्ठ नेताओं के पहुंचने की उम्मीद है।
भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों और उत्तर प्रदेश तथा उत्तराखंड सरकार के कई प्रतिनिधियों के भी अंतिम संस्कार में शामिल होने की संभावना जताई गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बातचीत कर उनकी माता के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के अंतिम संस्कार में कई वीआईपी और गणमान्य व्यक्तियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए हरिद्वार जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन अलर्ट है।
चंडीघाट क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था, पार्किंग, वीआईपी मूवमेंट और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह की ओर से भी व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है।
मां के निधन के बाद भी पूरा किया था निर्धारित कार्यक्रम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शुक्रवार को गोरखपुर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान अपनी मां के निधन की सूचना मिली थी। उस समय वह युवाओं को टैबलेट वितरण कार्यक्रम में शामिल थे। सूचना मिलने के बाद भी उन्होंने अपना निर्धारित संबोधन पूरा किया और कार्यक्रम संपन्न होने के बाद उत्तराखंड के लिए रवाना हुए।
पंचूर पहुंचने पर उन्होंने मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान वह भावुक नजर आए। मुख्यमंत्री ने अपनी मां के निधन पर सोशल मीडिया पर भी संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा, ‘मां… ॐ शांति’।
अंतिम संस्कार के बाद लखनऊ लौटेंगे मुख्यमंत्री योगी
सावित्री देवी के अंतिम संस्कार और अन्य पारिवारिक रस्मों में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ लौटने का कार्यक्रम है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उन्हें शनिवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में भी शामिल होना है।
सावित्री देवी के निधन से परिवार, पैतृक गांव पंचूर और उनके परिचितों में शोक का माहौल है। हरिद्वार के चंडीघाट पर होने वाले अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।





