देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. हरक सिंह रावत एक बार फिर कानूनी विवादों में घिर गए हैं। असम की एक महिला की शिकायत पर उनके खिलाफ गुवाहाटी के पानबाजार महिला थाने में 17 धाराओं के तहत प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता ने वर्ष 2002-03 के दौरान नाबालिग होने पर दुष्कर्म, अपहरण, जबरन बंधक बनाने और यौन उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। करीब 23 साल पुराने इस मामले के दोबारा सामने आने से उत्तराखंड की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है।
16 वर्ष की उम्र में उत्पीड़न का लगाया आरोप
शिकायतकर्ता महिला इंदिरा देवरी उर्फ जेनी के अनुसार, वर्ष 2002-03 में जब वह करीब 16 वर्ष की थीं, तब देहरादून के यमुना कॉलोनी क्षेत्र में एक एसटीडी बूथ पर काम करती थीं। महिला का आरोप है कि इसी दौरान एक राजनीतिक कार्यकर्ता उन्हें तत्कालीन मंत्री हरक सिंह रावत के सरकारी आवास पर लेकर गया था। शिकायत में दावा किया गया है कि वहां उन्हें करीब डेढ़ से दो महीने तक जबरन रखा गया। इस दौरान उनके साथ कथित तौर पर कई बार दुष्कर्म किया गया। महिला ने सरकारी आवास के अलावा देहरादून के कुछ होटलों में भी यौन उत्पीड़न किए जाने के आरोप लगाए हैं।
गर्भवती होने और बेटे के डीएनए टेस्ट की मांग
महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि कथित घटनाओं के बाद वह गर्भवती हो गई थीं। इसके बाद उन्हें शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। उनका दावा है कि उन्हें नारी निकेतन और सरकारी मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में भी रखा गया था। जून 2003 में उन्होंने देहरादून के सरकारी अस्पताल में एक बेटे को जन्म दिया था।
अब महिला ने अपने 23 वर्षीय बेटे के साथ हरक सिंह रावत का डीएनए परीक्षण कराने की मांग की है। इसके अलावा उन्होंने पुराने चिकित्सकीय रिकॉर्ड, नारी निकेतन से जुड़े दस्तावेज और तत्कालीन जांच से संबंधित अभिलेखों की पड़ताल कराने का अनुरोध किया है।
पुरानी जांच पर भी उठाए सवाल
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पहले हुई जांच के दौरान उनकी बात सही तरीके से नहीं सुनी गई। उनका कहना है कि वह हिंदी भाषा नहीं समझती थीं, इसके बावजूद असमिया अनुवादक की व्यवस्था किए बिना उनसे हिंदी में तैयार बयान पर हस्ताक्षर कराए गए। उन्होंने अब मजिस्ट्रेट के सामने असमिया अनुवादक की मौजूदगी में अपना और बेटे का बयान दर्ज कराने की मांग की है।
जीरो एफआईआर दर्ज, देहरादून स्थानांतरित हुआ मामला
इस मामले में असम के गुवाहाटी स्थित पानबाजार महिला थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। इसके बाद प्राथमिकी को देहरादून स्थानांतरित कर दिया गया है। देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि प्रकरण की गंभीरता से जांच कराई जाएगी।
फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच होना बाकी है। मामले में आगे की पुलिस कार्रवाई और जांच के निष्कर्ष महत्वपूर्ण होंगे।





