गौचर मेले में लोकसंस्कृति, श्रीअन्न और नंदा राजजात का अनूठा संगम, 74वें मेले में उमड़ रहे दर्शक; प्रदर्शनी में दिखी 40 वर्षों की सांस्कृतिक यात्रा

0
1

गौचर (चमोली)। उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक खानपान और धार्मिक विरासत की झलक इन दिनों चमोली जिले के 74वें गौचर औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले में देखने को मिल रही है। मेले में स्थानीय परंपराओं, खेलकूद प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खरीदारी के साथ मेलार्थियों को प्रदेश की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान से रूबरू होने का अवसर मिल रहा है।

इस बार मेले के प्रमुख आकर्षणों में मां नंदा देवी राजजात पर आधारित विशेष प्रदर्शनी, पारंपरिक श्रीअन्न से तैयार व्यंजन, कवि सम्मेलन और लोक कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुतियां शामिल हैं। खास बात यह है कि प्रदर्शनी के माध्यम से नंदा देवी राजजात की धार्मिक आस्था के साथ उसके ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय महत्व को भी दर्शाया जा रहा है।

नंदा राजजात के 40 वर्षों के अध्ययन की दिखाई गई ऐतिहासिक झलक

मेले के मंच पर लगाई गई विशेष प्रदर्शनी में मां नंदा देवी राजजात की धार्मिक आस्था, इतिहास, परंपराओं, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी का मुख्य विषय ’40 वर्षों की अध्ययन यात्रा’ रखा गया है।

इसमें वर्ष 1984-85 से लेकर 2025 तक राजजात से संबंधित अध्ययन यात्राओं, दुर्लभ तस्वीरों, चित्रों और शोध कार्यों को शामिल किया गया है। इसके साथ ही नंदा राजजात 2026 का मानचित्र भी प्रदर्शित किया गया है, जिसमें नौटी से होमकुंड तक लगभग 280 किलोमीटर की प्रस्तावित यात्रा और उसके 20 पड़ावों को दर्शाया गया है।

श्री नंदा देवी राजजात संग्रहालय के सचिव भुवन नौटियाल ने बताया कि वर्ष 1984-85 से राजजात और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अध्ययन एवं शोध का कार्य किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सदियों पुरानी धार्मिक परंपराओं, यात्रा मार्गों और सांस्कृतिक धरोहर को दस्तावेजों के माध्यम से संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है।

चित्रों के माध्यम से जीवंत हुई मां नंदा की धार्मिक यात्रा

प्रदर्शनी में स्वर्गीय प्रकाश पुरोहित ‘जयदीप’ के चित्र विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। उनके चित्रों में मां नंदा की डोली, त्रिशूल, छंतोली, चौसिंग्या खाडू और हिमालय के प्राकृतिक परिवेश को खूबसूरती से उकेरा गया है।

वर्ष 2000 की राजजात पर आधारित उनकी पेंटिंग ‘आस्था, साहस एवं संस्कृति की त्रिवेणी’ में धार्मिक मान्यताओं और हिमालयी संस्कृति की झलक देखने को मिलती है।

वहीं, डॉ. सुभाष चंद्र पुरोहित के पर्यावरण संरक्षण से जुड़े चित्रों के माध्यम से लोगों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया जा रहा है। इनमें गौवंश संरक्षण, पॉलीथिन के उपयोग पर रोक, प्लास्टिक से होने वाले नुकसान, कूड़ा प्रबंधन और यात्रा मार्गों को स्वच्छ रखने जैसे विषय शामिल हैं।

इसके अलावा डॉ. शिवानी की कलाकृतियों में मां नंदा के मंडला, गणपति, शेर और नारी शक्ति से जुड़े चित्रों के माध्यम से भक्ति और आधुनिक कला का समन्वय देखने को मिल रहा है।

मंडुवा, झंगोरा और रामदाना के व्यंजनों ने खींचा ध्यान

मेले में कृषि विभाग के स्टॉल पर उत्तराखंड के पारंपरिक श्रीअन्न से तैयार विभिन्न व्यंजन भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। यहां मंडुवा, झंगोरा, कौणी, रामदाना और चीना जैसे पारंपरिक अनाजों से तैयार कई नए खाद्य उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं।

स्टॉल पर रामदाना-अखरोट मफिन, झंगोरा की बर्फी, केक, चीना-बादाम का हलवा, अमरंथ की जेली और मंडुवे की बाल मिठाई जैसे व्यंजन लोगों को देखने और जानने का अवसर दे रहे हैं।

इन उत्पादों के माध्यम से पहाड़ी अनाजों की उपयोगिता और उनसे बनने वाले नए खाद्य उत्पादों की संभावनाओं को सामने लाया जा रहा है।

राजन गुसाईं ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को श्रीअन्न से मिठाई और बेकरी उत्पाद तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि उन्हें स्वरोजगार के अवसर मिल सकें और स्थानीय उत्पादों को बाजार में पहचान मिले।

किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी

मेले में कृषि एवं उद्यान विभाग की ओर से लगाए गए स्टॉल पर किसानों को खेती से जुड़ी आधुनिक तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।

उद्यान विभाग के स्टॉल पर कीवी मिशन, एप्पल मिशन, मशरूम उत्पादन और पॉलीहाउस जैसी योजनाओं के बारे में बताया गया। वहीं कृषि विभाग की ओर से किसानों को कृषि उपकरणों पर मिलने वाले अनुदान और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।

कृषि विभाग की गोष्ठी में नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी ने किसानों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान अधिकारियों राजेश खेतवाल, राजन सिंह गुसाईं और दिनेश सिंह रावत ने भी किसानों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

कवि सम्मेलन में विकास, नशे और युवा पीढ़ी के मुद्दों पर व्यंग्य

मेले में आयोजित कलश संस्था के गढ़वाली कवि सम्मेलन में स्थानीय कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से सामाजिक और समसामयिक मुद्दों को उठाया।

कवि सम्मेलन के संयोजक एवं संचालक ओम प्रकाश सेमवाल के साथ मुरली दीवान, जगदम्बा प्रसाद चमोला, बृजेश रावत और उपासना सेमवाल ने अपनी प्रस्तुतियां दीं।

कवियों ने विकास व्यवस्था, मोबाइल की बढ़ती लत, नशे की समस्या, युवा पीढ़ी की चुनौतियों और उत्तराखंड आंदोलन जैसे विषयों पर व्यंग्य और विचार प्रस्तुत किए। उनकी रचनाओं ने दर्शकों को मनोरंजन के साथ सामाजिक मुद्दों पर सोचने का अवसर भी दिया।

लोकगीतों और जागर प्रस्तुतियों से सजी सांस्कृतिक संध्या

गौचर मेले की सांस्कृतिक संध्या में उत्तराखंड के लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। लोक जागर गायिका डॉ. पम्मी नवल ने द्रौपदी स्वयंवर और भगवती से जुड़े पारंपरिक लोकगीत एवं जागर प्रस्तुत किए।

इसके अलावा लोक गायक रोहित चौहान और अनीषा रांगड़ ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। दिन के कार्यक्रमों में अरविंद कुमार एवं उनकी टीम, पवन लोमियाल और जय मां पथवार नंदा कला मंच गैरसैंण सहित अन्य कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से लोकसंस्कृति की छटा बिखेरी।

कार्यक्रमों में उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग एवं मेलाधिकारी अलकेश नौडियाल सहित मेला प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

20 नवंबर तक चलेगा 74वां गौचर मेला

गौरतलब है कि 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का आयोजन 14 से 20 नवंबर 2026 तक किया जा रहा है। सात दिवसीय इस मेले में औद्योगिक विकास, स्थानीय उत्पादों, कृषि, उद्यान, खेलकूद और उत्तराखंड की लोकसंस्कृति को विशेष स्थान दिया गया है।

मेले के आगामी कार्यक्रमों में 19 नवंबर को उत्तराखंड के प्रसिद्ध पांडवाज बैंड की सांस्कृतिक संध्या और 20 नवंबर को समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण प्रस्तावित है।