लालकुआं। उत्तराखंड के लालकुआं-काशीपुर रेलखंड पर सोमवार सुबह जंगली हाथियों की गतिविधियों के चलते रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। टांडा के जंगल में हाथियों द्वारा पेड़ तोड़े जाने के कारण एक पेड़ 33 हजार केवी की हाईटेंशन विद्युत लाइन पर गिर गया। इससे बिजली के तार टूट गए और रेलखंड पर करीब चार घंटे तक ट्रेनों का संचालन बाधित रहा।
पांच स्थानों पर रोकनी पड़ीं ट्रेनें
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह टांडा के जंगल में हाथियों ने पेड़ तोड़ दिए। इनमें से एक पेड़ हाईटेंशन लाइन पर जा गिरा, जिससे विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो गई। रेलवे संचालन प्रभावित होने के कारण पांच ट्रेनों को अलग-अलग स्थानों पर रोकना पड़ा।
अचानक रेल यातायात रुकने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेनों के इंतजार में यात्रियों को घंटों स्टेशनों और अन्य स्थानों पर रुकना पड़ा।
चार घंटे बाद बहाल हुआ रेल संचालन
घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित विभागों की ओर से विद्युत लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू किया गया। कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त तारों को दुरुस्त करने में जुटकर दोपहर तक लाइन को ठीक कर दिया। इसके बाद लालकुआं-काशीपुर रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन दोबारा सामान्य हो सका।
इस घटना ने एक बार फिर वन्यजीवों की आवाजाही वाले रेल मार्गों पर सुरक्षा और सतर्कता की आवश्यकता को सामने ला दिया है।





